Chanakya Niti in Hindi: आचार्य चाणक्य की बनाई हुई नीतियां आज भी दुनिया को एक नई दिशा दिखा रही है। चाणक्य भारत के सबसे महान विद्वान, अर्थशास्त्री, कूटनीतिज्ञ और मार्गदर्शक माने जाते है। भले ही आज यह महान विभूति हमारे बीच शारीरिक रूप से मौजूद नहीं है, लेकिन इनके द्वारा बनाई गई नीतियां आज भी प्रासंगिक है। आचार्य चाणक्‍य की नीतियों की पालना करने से व्यक्ति को न सिर्फ जीवन में सफलता मिलती है बल्कि एक अनोखी ऊर्जा भी प्राप्त होती है। आज हम चाणक्‍य नीति में बताई गई कुछ ऐसी ही अहम बातों के बारे में बता रहे है, जो इंसान को मूल्यवान और धनवान बना सकती है।

आचार्य चाणक्य के मुताबिक, दुनिया में कुछ चीजें ऐसी है जो यदि गंदगी में भी पड़ी मिल जाए तो उन्हें उठाने से गुरेज नहीं करना चाहिए। उनका मानना था कि, ये चीजें वो होती है जिनकी कीमत कैसी भी गंदगी कम नहीं कर सकती। चलिए समझते है उन चीजों के बारे में विस्तार से -

सोना-चांदी और हीरा

आचार्य चाणक्य के मुताबिक, सोना-चांदी या हीरे जैसी कीमती चीज गंदगी में दिखाई दे तो उसे उठा लेना चाहिए। कूड़े से भी इन चीजों को उठाने में संकोच नहीं करना चाहिए। चाणक्य नीति कहती है कि, इन मूल्‍यवान चीजों की कीमत गंदगी में भी कम नहीं होती बल्कि ये आपको धनवान बना सकती है।

धन यानी रुपया-पैसा

चाणक्य नीति कहती है कि, रुपया-पैसा यदि कूड़े के ढ़ेर में आपको पड़ा हुआ दिख जाए तो, उसे उठाने में संकोच नहीं करना चाहिए। दरअसल, धन का गंदगी में पड़ा होना ही मां लक्ष्मी की अवमानना के बराबर है। जीवन यापन के लिए धन बेहद जरुरी है। इसलिए धन यानी रुपया-पैसे का सम्मान करें।

- संस्‍कारी लड़की

चाणक्य नीति कहती है कि, शिक्षित और संस्‍कारवान लड़की घर-परिवार को स्वर्ग बना देती है। इसलिए ध्यान रखें, किसी बुरे व्यक्ति के घर में उसकी संस्कारी बेटी हो तो उसे अपनाने अथवा अपने घर की बहु बनाने में संकोच नहीं करना चाहिए। ऐसी लड़की आपके परिवार को स्वर्ग जैसा बना सकती है।

- अच्‍छी आदत

आचार्य चाणक्‍य की नीति के अनुसार, हर व्यक्ति में अच्छी और बुरी दोनों आदतें होती है। बुरे से बुरे स्वभाव वाले व्यक्ति में भी कोई न कोई अच्छी आदतें हो सकती है, इसलिए उसकी बुराइयों को नजरअंदाज करते हुए उसकी अच्छी आदत को अपनाने में संकोच नहीं करें। यह आदत जीवन में लाभ देगी।