Mercedes SUVs: जर्मन लग्जरी कार निर्माता Mercedes-Benz ने अपनी इलेक्ट्रिक एसयूवी EQS SUV 580 को भारत में बनाने का ऐलान किया है। यह पहला मौका है जब कंपनी अमेरिका के टुस्कालोसा प्लांट के बाहर इस मॉडल का प्रोडक्शन करेगी। भारत में इलेक्ट्रिक व्हीकल्स (EVs) की बढ़ती मांग को देखते हुए कंपनी ने यह कदम उठाया है।

EQS SUV 580 में मिल रही है 809 किमी की रेंज  
हालांकि, यह भारत में बनने वाली मर्सिडीज की पहली इलेक्ट्रिक कार नहीं है। कंपनी पहले ही यहां EQS सेडान की मैन्यूफ्रैक्चरिंग कर रही है और पिछले 18 महीनों में इसकी 500 यूनिट्स बेची जा चुकी हैं। EQS SUV 580 फिलहाल भारत में उपलब्ध नहीं है, लेकिन इसमें 122 kWh की बैटरी और 809 किमी की रेंज दी गई है। इसकी कीमत करीब 1.4 करोड़ रुपए होगी।

मर्सिडीज भारत में निवेश राशि 3000 करोड़ रु. करेगी
Mercedes-Benz India के सीईओ संतोष अय्यर का कहना है कि EQS रेंज के तहत SUV और सेडान दोनों को पेश करने से बिक्री में तेजी आएगी और ग्राहकों के लिए अधिक ऑप्शन मिलेंगे। यह इस साल कंपनी की तीसरी लग्जरी इलेक्ट्रिक गाड़ी है। कंपनी ने भारत में मैन्युफैक्चरिंग और नए उत्पादों पर 2024 में 200 करोड़ रुपए का अतिरिक्त निवेश करने की योजना बनाई है। इससे भारत में मर्सिडीज की कुल निवेश राशि 3000 करोड़ रुपए तक पहुंच गई है।
 
Mercedes ने अपनी EV बिक्री में 60% की ग्रोथ दर्ज की

  • मर्सिडीज के पास अब भारत में 6 इलेक्ट्रिक मॉडल्स हैं, जिनमें EQA SUV, EQB SUV, EQE SUV, EQS SUV, EQS 580 सेडान और Mercedes-Maybach EQS 680 शामिल हैं। 2024 की पहली छमाही में Mercedes ने अपनी EV बिक्री में 60% की बढ़त दर्ज की और EV की पैठ 2023 के अंत में 2.5% से बढ़कर 2024 के पहले 6 महीने में 5% हो गई है।
  • कंपनी के पास फिलहाल 2000 कारों की ऑर्डर बुक है और वह इस साल डबल-डिजिट ग्रोथ के साथ खत्म करने की उम्मीद कर रही है। जनवरी से जून 2024 के बीच Mercedes-Benz ने 9262 कारों की डिलीवरी की, जो 9% की सालाना ग्रोथ दर्शाता है। लक्जरी कार निर्माता अब भारत में अधिक मॉडलों का निर्माण करने पर जोर दे रहे हैं।

(मंजू कुमारी)