Karan Kundrra-Tejasswi Prakash Breakup: रियलिटी शो 'बिग बॉस' में ऐसे कई कंटेस्टेंट आए हैं जिनके बीच शो के दौरान प्यार परवान चढ़ा और बाहर आते ही रिश्ता खत्म हो गया। इन्हीं में से एक पॉपुलर कपल है तेजस्वी प्रकाश और करण कुंद्रा जो बिग बॉस 15 में नजर आए थे। शो के दौरान ही दोनों एक-दूसरे को दिल बैठे थे। फैंस भी इस जोड़ी को काफी पसंद करते हैं।

बिग बॉस 15 में जब से उनकी ये लव स्टोरी की शुरूआत हुई है, तभी से दोनों एक-दूसरे के साथ हैं। हालांकि पिछले कुछ समय से उनके ब्रेकअप को लेकर काफी खबरें सामने आ रही हैं। फिलहाल अब तक इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

सूत्र का दावा
अब हाल ही में न्यूज18 शोशा की एक रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि करण और तेजस्वी प्रकाश ने अपना तीन साल का रिश्ता खत्म कर लिया है। रिपोर्ट की मानें तो एक महीने पहले हुए कपल का ब्रेकअप हुआ है, लेकिन अब तक दोनों ने ही इसे छिपाकर रखा है। न्यूज 18 को कपल के एक करीबी सूत्र ने बताया है कि उनके बीच कुछ समय से परेशानी चल रही थी, जिसके कारण छोटी-छोटी बातों पर दोनों की बहस होने शुरू हो गई थी। इसी वजह से उन्होंने अलग होने का फैसला लिया है।

नहीं है कोई आधिकारिक जानकारी
फिलहाल उनके अलग होने के पीछे का असली कारण अभी भी पता नहीं है। ना ही अब तक दोनों स्टार्स ने इसपर खुलकर बात की है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों ने ही ब्रेकअप के बारे में फैंस के सामने खुलासा नहीं किया है क्योंकि वे पावर कपल के रूप में माने जाते रहे हैं। उनके रिश्ते को 3 साल से ज्यादा समय हो गया है और लोगों को दोनों की केमेस्ट्री भी काफी पसंद आती है। इसलिए उनके फैंस के लिए इस सच्चाई का सामना करना आसान नहीं होगा। हालांकि इस खबर की अबतक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।