Shakti Kapoor Birthday: शक्ति कपूर बॉलीवुड इंडस्ट्री का वो नाम है जिसने कभी अपनी कॉमेडी फिल्मों से दर्शकों को खूब हंसाया तो कभी खतरनाक विलेन बन डरकर सहमने पर मजबूर कर दिया। आज, 3 सितंबर को अभिनेता अपना 72वां जन्मदिन मना रहे हैं। एक नॉन फिल्मी बैकग्राउंड से आए इस अभिनेता ने 700 से अधिक फिल्मों में काम किया है।

शक्ति कपूर ने बदला था नाम
कभी 'अंदाज अपना-अपना' का 'क्राइम मास्टर गोगो' बन, तो कभी 'राजा बाबू' का 'नंदू' बनकर उन्होंने करोड़ों दर्शकों का मनोरंजन किया है। शक्ति कपूर का जन्म 3 सितंबर 1952 में दिल्ली में हुआ। दिल्ली और पुणे में पढ़ाई के बाद उन्होंने फिल्मों में किस्मत आजमाई। लेकिन फिल्मों में आने से पहले उनका नाम शक्ति नहीं बल्कि कुछ और था। क्या आप जानते हैं अभिनेता का असली नाम?

 

सुनील से कैसे बने शक्ति?
दरअसल जिन्हें हम सभी शक्ति कपूर के नाम से जानते हैं उनका असली नाम ‘सुनील सिकंदरलाल कपूर’ है। लेकिन उन्होंने फिल्मों के लिए अपना नाम बदल दिया। दरअसल जब वह संजय दत्त के साथ उनकी डेब्यू फिल्म रॉकी (1981) में काम कर रहे थे तब संजय दत्त ने उन्हें सजेस्ट किया कि विलेन की पर्सनालिटी के लिए सुनील सिकंदरलाल कपूर मैच नहीं करता। उस फिल्म में शक्ति एक खतनाक विलेन की भूमिका में थे जिन्हें खूब सराहना मिली थी। ऐसे में एक्टर ने संजय दत्त के कहने पर अपना नाम बदलकर शक्ति कपूर रख लिया।

ऐसे मिला फिल्मों में ब्रेक
शक्ति कपूर ने 80-90 दशक में विलेन और कॉमेडी किरदारों से जहरदस्त पॉपुलैरिटी हासिल की। लेकिन उन्हें फिल्मों में पहला ब्रेक मशहूर दिवंगत अभिनेता फिरोज खान के जरिए मिला था। एक बार एक कॉमेडी शो में शक्ति कपूर ने इसका खुलासा करते हुए किस्सा बताया था। पुणे के फिल्म एंड टेलीविज़न इंस्टिट्यूट ऑफ इंडिया (FTII) से मास्टर्स की पढ़ाई करने के बाद जब शक्ति कपूर मुंबई में काम की तलाश कर रहे थे तब एक रोज उनकी कार अभिनेता फिरोज खान की मर्सिडीज से टकरा गई थी।

 

बाद में जब सॉरी कहने के लिए शक्ति उनसे मिलने गए तब वह उन्हें अपने डिप्लोमा डिग्री बताने लगे। उस दौरान फिरोज खान अपनी फिल्म कुर्बानी के लिए शूट कर रहे थे। तब शक्ति के एक कीरीब दोस्त भी उस फिल्म का हिस्सा थे। जिसकी मदद से फिरोज खान ने उन्हें 'कुर्बानी' में रोल ऑफर किया था। इस फिल्म के बाद उनकी एक्टिंग की गाड़ी दौड़ पड़ी और फिर उन्होंने दोबारा मुड़कर पीछे नहीं देखा।