Renukaswamy Murder Case: रेणुकास्वामी हत्याकांड इन दिनों काफी चर्चा में है। इस मामले में कन्नड़ फिल्मों के सुपरस्टार एक्टर दर्शन और उनकी करीबी दोस्त एक्ट्रेस पवित्रा गौड़ा को हिरासत में ले लिया गया है और लगातार जांच चल रही हैं। हाल में पुलिस ने रेणुकास्वामी के किडनैप में इस्तेमाल की गई कार समेत 15 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया है। ऐसे में अब कन्नड़ एक्टर किच्चा सुदीप ने पीड़ित की पत्नी और उसके गर्भ में पल रहे बच्चे के लिए न्याय की मांग की है।

रेणुकास्वामी हत्याकांड पर किच्चा सुदीप ने दिया रिएक्शन
हाल ही में कन्नड़ एक्टर किच्चा सुदीप ने मीडिया से बात करते वक्त रेणुकास्वामी और उनके परिवार के लिए न्याय की मांग की है। इसके साथ ही उन्होंने कहा, ''हमें सिर्फ वह पता है जो मीडिया हमें दिखा रही है, ऐसा लग रहा है कि मीडिया और पुलिस सच सामने लाने के लिए कड़ी मेहनत कर रही है। इसमें कोई शक नहीं है।'' एक्टर ने आगे कहा कि, ''उस परिवार को न्याय मिलना चाहिए उस लड़की को न्याय मिलना चाहिए। रेणुकास्वामी जिसकी मौत सड़क पर हुई वो इस न्याय के हकदार हैं। सबसे बढ़कर सभी को न्याय पर भरोसा होना चाहिए और इस मामले में जरूर न्याय मिलना चाहिए।''

'आरोपियों को सजा मिलनी चाहिए'
इसके साथ ही एक्टर ने बिना दर्शन का नाम लिए बोले कि, ''इस हत्याकांड ने कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री को बदनाम कर दिया है। लेकिन मेरी संवेदना उनके पीड़ित परिवार के साथ है। माहौल सही नहीं लग रहा है और सारा दोष फिल्म इंडस्ट्री के सिर पर जा रहा है। इसलिए इसे क्लिन चिट की जरूरत है। इसमें कई कलाकार शामिल हैं। सिनेमा सिर्फ एक या दो लोगों का नहीं है। अगर दोषी को सजा मिले तो फिल्म इंडस्ट्री को भी राहत मिलेगी।'' आपको बता दें, कन्नड़ एक्टर दर्शन और उनकी को-स्टार पवित्रा गौड़ा समेत अन्य को चित्रदुर्ग के रेणुकास्वामी नाम के व्यक्ति की हत्या के मामले में 11 जून को गिरफ्तार कर लिया गया था।