Salman Khan Female Fan Arrest in Mumbai: बॉलीवुड एक्टर सलमान खान की फैन फॉलोइंग ऐसी है कि लोग उनकी सिर्फ एक झलक पाने के लिए किसी भी हद तक पहुंच जाते हैं। मेल फैंस से लेकर महिलाओं तक, हर किसी पर दबंग खान का भयानक क्रेज है। फीमेल फैंस तो उनपर इस कदर जान छिड़कती हैं कि कई दिनों तक सुर्खियों में छाई रहती हैं। हाल ही में ऐसा ही एक वाकया हुआ जहां 24 साल की एक लड़की सलमान खान से मिलने और उनसे शादी करने के लिए उनके फार्म हाउस पहुंच गईं। क्या है पूरा मामला, जानिए।

सलमान से शादी करने आई थी मुंबई
बता दें, मुंबई के पास पनवेल में सलमान खान का एक शानदार फार्म हाउस है। वहां सलमान अक्सर समय बिताते हुए नजर आते हैं और सोशल मीडिया पर भी फार्म हाउस की कई तस्वीरें पोस्ट करते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, हाल ही में दिल्ली की रहने वाली एक 24 वर्षीय लड़की सलमान खान से मिलने और उन्हें शादी के लिए प्रपोज़ करने के लिए एक्टर के पनवेल वाले फार्महाउस पहुंच गई। उस दौरान सलमान वहां मौजूद नहीं थे, इसके बावजूद भी वह उनसे शादी करने की जिद पर अड़ गई और हंगामा खड़ा कर दिया। लड़की को समझाने के बाद भी जब वह नहीं मानी तो पुलिस ने उसे अरेस्ट कर हिरासत में ले लिया। 

अरेस्ट करने के बाद हुई काउंसलिंग
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, अरेस्ट की गई 24 साल की लड़की की हालत गंभीर थी और पुलिस उसे अरेस्ट करने के बाद काउंसिलिंग के लिए एक NGO के पास लेकर गई थी। खबरे हैं कि लड़की दिल्ली से अकेले ही सफर करके मुंबई पहुंची थी और फिर पनवेल आई थी।

शादी की जिद पर अड़ी थी फैन
NGO के संस्थापक ने बताया कि लड़की को पुलिस 22 मई को उनके पास लाई थी। उन्होंने बताया कि काउंसलिंग करने पर लड़की की मानसिक हालत गंभीर पायी गई और समझाने पर भी वह उनकी बात नहीं मान रही थी। उन्होंने कहा- 'उसने हमारी बात मानने से इनकार कर दिया और कहती रही कि वह सलमान खान से शादी करना चाहती है। वह स्क्रीन पर एक्टर की छवि से दीवानी हो गई थीं।' 8 दिन तक काउंसिलिंग और थेरेपी के बाद लड़की को उसके घर दिल्ली वापस भेजा जा चुका है।