Logo

Sushmita Sen changed her Instagram Bio: बॉलीवुड एक्ट्रेस सुष्मिता सेन, ये वो नाम है जिसने कई लड़कियों को इंस्पायर किया है। 1994 में सुष्मिता सेन ने महज 18 साल की उम्र में पहली बार मिस यूनिवर्स का ताज जीतकर इतिहास रच दिया था और अंतर्राष्ट्रीय पैमाने पर भारत का मान बढ़ाया था। आज भी उनकी बेबाकी और बोल्ड व्यवहार लोगों को बहुत पसंद आता है। एक बार फिर सुष्मिता सुर्खियों में आ गई हैं।

सुष्मिता ने बदला इंस्टा बायो
दरअसल उन्होंने अपना इंस्टाग्राम बायो बदल दिया है जो अब चर्चा का विषय बन गया है। एक्ट्रेस ने बायो से अपने जन्म की तारीख बदल दी है और नए बायो में लिखा है सेकेंड डेट ऑफ बर्थ- 27/02/2023, यानी उन्होंने अपने दूसरे जन्म की तारीख लिखी है। अब ऐसे में लोगों के मन में सवाल उठ रहे हैं कि आखिर क्या है सुष्मिता सेन के दूसरे जन्म का कनेक्शन? क्यों एक्ट्रेस ने अपने बायो में सेंकेड डेट ऑफ बर्थ लिखा है? आइए जानते हैं क्या है इसकी कहानी।

 

क्या है सेकेंड डेट ऑफ बर्थ की वजह?
सुष्मिता सेन का जन्म 19 नवंबर, 1975 को हैदराबाद में हुआ था। लेकिन उन्होंने इंस्टाग्राम बायो में बदलकर इसे 27 फरवरी 2023 लिखा है। इस बात से हर कोई वाकिफ है कि सुष्मिता को पिछले साल फरवरी में गंभीर हार्ट अटैक आया था। वेब सीरीज आर्या की शूटिंग के दौरान अभिनेत्री को जानलेवा दिल का दौरा पड़ा था जिसके बाद उन्हें अस्पताल में एडमिट किया गया था। कुछ दिन वह इससे उबरी और जीत हासिल कर वापस अपनी खुशहाल जिंदगी में लौटीं। यही कारण है जो एक्ट्रेस ने बर्थ डेट में बदलाव किया है। सुष्मिता इस हादसे को अपना जीवन बदल देने वाला अनुभव मानती हैं।

हार्ट अटैक से उबरीं एक्ट्रेस 
हार्ट अटैक से उबरने के बाद सुष्मिता ने सोशल मीडिया पर एक लाइव सेशन के दौरान बताया था कि वह ठीक हो गई हैं। उन्होंने कहा था कि अगर सही समय पर उन्हें ट्रीटमेंट नहीं मिला होता तो वो बच नहीं पातीं। एक्ट्रेस ने डॉक्टरों और हर छोटे-बड़े कर्मचारियों का शुक्रिया अदा किया था जिन्होंने उनकी जान बचाई। यही कारण है कि 27 फरवरी 2023 को वह अपनी सेकेंड डीओबी मानती हैं।