TMKOC Actor Gurucharan Singh Returns Home: फेमस टीवी शो 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' में रोशन सिंह सोढ़ी की भूमिका निभाने के लिए मशहूर गुरुचरण सिंह घर लौट आए हैं। वो 25 दिन से लापता थे। उनके पिता ने दिल्ली पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। करीब तीन हफ्ते तक लापता रहने के बाद गुरुचरण खुद शुक्रवार, 17 मई की शाम घर वापस लौटे हैं। वापस लौटने पर पुलिस ने उनसे पूछताछ की। 

पुलिस के मुताबिक, गुरुचरण सिंह ने पूछताछ के दौरान अधिकारियों को बताया कि वह दुनियादारी छोड़कर घर से निकले थे। इस बीच उन्होंने कई दिनों तक अमृतसर, लुधियाना और कई शहरों के गुरुद्वारों में रुके। फिर उन्हें एहसास हुआ कि घर वापस आ जाना चाहिए तो घर लौट आए। 

22 अप्रैल को मुंबई जाने के लिए निकले थे गुरुचरण सिंह
दरअसल, गुरुचरण सिंह 22 अप्रैल को दिल्ली से मुंबई के लिए निकले थे। उन्हें फ्लाइट पकड़नी थी। लेकिन वह फ्लाइट में नहीं चढ़े और लापता हो गए। उनका फोन नंबर 24 अप्रैल तक एक्टिव था, जिसके जरिए कई लेनदेन किए गए थे। जिस दिन वह लापता हुए उस दिन के सीसीटीवी फुटेज में अभिनेता को अपनी पीठ पर एक बैग लेकर चलते हुए दिखाया गया।

उनके पिता हरजीत सिंह ने 26 अप्रैल को गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी और भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 365 के तहत एक प्राथमिकी दर्ज की गई थी। जांच के दौरान एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि गुरुचरण सिंह की फाइनेंशियल कंडीशन ठीक नहीं है। वह आर्थिक तंगी से गुजर रहे हैं। 

धर्म के प्रति बढ़ गया था झुकाव
पुलिस को जांच में कई सुराग हाथ लगे। 22 अप्रैल को वह घर से मुंबई के लिए निकले, लेकिन वहां नहीं पहुंचे। रिसीव करने आए शख्स को उन्होंने मिसलीड किया। फिर गुरुचरण ने 14 हजार रुपए एटीएम से निकाले। यह भी पता चला कि गुरुचरण सिंह का धर्म के प्रति झुकाव बढ़ रहा था। वह मेडिटेशन करते थे और उन्होंने ध्यान के लिए हिमालय जाने की भी इच्छा जताई थी।