Christmas party at home: अगर आने वाली क्रिसमस पर आप घर में ही पार्टी ऑर्गनाइज करना चाहते हैं तो इसकी तैयारी आज से ही शुरू कर दें। इसमें तैयारियों से जुड़ी हर छोटी-छोटी बात का अगर आप ध्यान रखेंगे, तो सभी गेस्ट्स शानदार पार्टी एंज्वॉय कर पाएंगे। इस बारे में हम दे रहे हैं कुछ यूजफुल सजेंशंस।  

दिसंबर का महीना शुरू होते ही बच्चे ही नहीं बड़ी उम्र के लोग भी क्रिसमस का बेसब्री से इंतजार करने लगते हैं। इसे लेकर तरह-तरह की तैयारियों में सब जुट जाते हैं। आप भी घर में क्रिसमस पार्टी को ऑर्गनाइज करके इस दिन को बहुत स्पेशल बना सकते हैं। लेकिन अगर पहले से ही पार्टी की प्लानिंग नहीं करेंगे, तो शानदार पार्टी ऑर्गनाइज नहीं कर पाएंगे। आपको यहां हम बता रहे है कि किस तरह आप घर पर क्रिसमस की शानदार पार्टी ऑर्गनाइज कर सकते हैं।

रूम डेकोरेशन
क्रिसमस पार्टी जिस रूम या हॉल में आप ऑर्गनाइज करना चाहते हैं, उसे अच्छी तरह से डेकोरेट करना बहुत जरूरी है। इसके लिए आप वॉल हैंगिंग खरीदकर ला सकते हैं या अगर टाइम हो तो खुद भी क्रिएट कर सकते हैं। लेकिन ध्यान रखें कि पार्टी थीम क्रिसमस है, तो उसके हिसाब से ही आपको सभी चीजों का सेलेक्शन करना होगा। अगर आपका बजट कम है तो आप गुब्बारों से भी घर को सजा सकते हैं। आप रेड, व्हाइट या गोल्डन कलर के बैलूंस से रूम को सजा सकते हैं। घर की एंट्री पर ऐसे बैलूंस और वॉल हैंगिंग्स जरूर सजाएं, ताकि आपका घर बाहर से और खूबसूरत दिखे।

Christmas party at home

क्रिसमस ट्री-सेंटाक्लॉज
क्रिसमस पार्टी का बहुत इंपॉर्टेंट पार्ट क्रिसमस ट्री होता है। आप घर में पार्टी ऑर्गनाइज कर रहे हैं तो क्रिसमस ट्री को भी एक कोने में जरूर सजाएं। उस ट्री पर बेल्स, चॉकलेट्स और लाइट्स सजा सकते हैं। पार्टी की शाम से लेकर रात तक ये बहुत खूबसूरत लगेंगे। जिस जगह पर क्रिसमस ट्री रखना चाहते हैं, वहां पर कॉटन बिखेर दें, इससे बर्फ का अहसास होगा। इसके अलावा फैमिली के किसी एक मेंबर को सेंटा के गेटअप में रेडी करवाएं तो पार्टी और मजेदार हो जाएगी, क्योंकि बच्चों को सेंटा बहुत पसंद होते हैं।

म्यूजिक सिस्टम
म्यूजिक के बिना तो हर पार्टी अधूरी रहती है, तो आप इस पार्टी में म्यूजिक का अरेंजमेंट करना ना भूलें। पहले से ही ऐसे म्यूजिक रिकॉर्ड्स और सॉन्ग्स सेलेक्ट कर लें, जो क्रिसमस से रिलेटेड हों। इससे पार्टी में क्रिसमस का और भी शानदार माहौल बन जाएगा। इसके अलावा कुछ हैप्पी, ज्वॉयफुल मूड्स के सॉन्ग्स भी सेट करके रखें। डांस के लिए भी थोड़ा स्पेस बनाएं।

पार्टी मेन्यू
पार्टी है तो खाने-पीने का इंतजाम भी जरूरी है। इस बारे में पहले ही डिसाइड कर लें कि आप पार्टी में किस तरह की डिशेज रखना चाहते हैं? अगर बच्चे और बड़े हर उम्र के लोग पार्टी में आ रहे हैं तो आपको सभी की पसंद के अनुसार डिशेज तैयार करने होंगे। हैवी डिनर के बजाय कई तरह के लाइट स्नैक्स रखना अच्छा रहेगा। आप पार्टी अरेंजमेंट और गेस्ट्स का वेलकम करने में बिजी रहेंगे तो बेहतर होगा कि डिशेज खुद बनाने की बजाय किसी होटल या रेस्टोरेंट से ऑर्डर करके मंगवा लें। अगर आप कुछ डिशेज खुद बना रहे हैं तो डिशेज, इस तरह की हों, जो जल्दी से गर्म करके सर्व हो जाए। इससे आप भी पार्टी एंज्वॉय कर पाएंगे। डिशेज सर्व करने के लिए क्रॉकरी या डिस्पोजेबल्स पहले ही डाइनिंग टेबल पर अरेंज करके रख लें।

गिफ्ट्स देना ना भूलें
अब बात आती है, कि पार्टी में शामिल होने वाले बच्चों को गिफ्ट्स में क्या दिया जाए? आप गिफ्ट्स के छोटे-छोटे पैकेट्स बना सकते हैं। इनमें उनकी पसंद की ड्राय फूड आइटम्स, चॉकलेट्स और कैंडीज डाल सकते हैं। इनके अलावा स्टेशनरी के सामान को भी पैक करके गिफ्ट के तौर पर दे सकते हैं। या फिर ट्वॉयज भी दे सकते हैं। सबसे अच्छा होगा कि ये गिफ्ट्स बच्चों को वो व्यक्ति दे, जिसने सैंटा का गेटअप लिया हो।
यहां बताई बातों को फॉलो करेंगे तो आपकी क्रिसमस पार्टी बहुत शानदार होगी।

निधि गोयल