Saree Colours for Medium Skin Tone: साड़ी महिलाओं का ऐसा खूबसूरत आउटफिट है, जो कभी भी फैशन से बाहर नहीं जाता। मौका चाहे कोई भी हो, साड़ी एक ऐसा पहनावा है, जिसे बॉलीवुड सेलिब्रिटीज से लेकर आम महिलाओं तक हर किसी को पहनना पसंद होता है।

सबसे बड़ी बात है कि साड़ी हर उम्र की महिलाओं और हर बॉडी टाइप पर सूट करती है। लेकिन ध्यान दिया जाए तो कुछ खास रंग की साड़ी, किसी पर्टिकुलर स्किन टोन वाली महिला पर ज्यादा फबती है। साड़ी को अगर स्किन टोन के हिसाब से पहना जाए तो यह और भी खूबसूरत लगती हैं। सामान्यतया भारतीयों का रंग गेहुंआ यानी मीडियम स्किन टोन का होता है। इसलिए हम आपको बता रहे हैं, मीडियम स्किन टोन वाली महिलाओं पर किस कलर की साड़ी ज्यादा सूट करती हैं।

मस्टर्ड यलो कलर: मीडियम स्किन टोन वाली महिलाओं पर मस्टर्ड यलो कलर की साड़ी बहुत जंचती है। ये रंग पीले रंग का एक अलग शेड होता है। मस्टर्ड यलो साड़ी के साथ आप कॉन्ट्रास्ट करके ब्लैक ब्लाउज को स्टाइल कर सकती हैं। इसके अलावा आप साड़ी के बॉर्डर के कलर के हिसाब से भी अपने ब्लाउज का चुनाव कर सकती हैं। इससे साड़ी का लुक और भी ज्यादा अट्रैक्टिव लगेगा।

सी ग्रीन या लाइट ग्रीन: मीडियम स्किन टोन की महिलाओं के लिए सी ग्रीन या लाइट ग्रीन कलर भी अच्छा ऑप्शन है। यह रंग अपने आपमें पॉजिटिव वाइब्स लिए होता है। सी ग्रीन कलर की साड़ी आप ऑफिस वियर के तौर पर सहजता से पहन सकती हैं। इस साड़ी के साथ आप किसी मैचिंग कलर का ब्लाउज कैरी कर सकती हैं। इस रंग की साड़ी पहनने पर अपने बालों को खुला रखें। इससे आपकी पर्सनालिटी खूबसूरत नजर आएगी।

रेड कलर साड़ी: मीडियम स्किन टोन वाली महिलाएं रेड कलर की साड़ी भी पहन सकती हैं। मार्केट में लाल रंग साड़ी आपको हर फैब्रिक और डिजाइन में मिल सकती हैं। अगर आप एलिगेंट लुक चाहती हैं तो हैवी ज्वेलरी के साथ इसे कैरी करें। इस कलर की साड़ी के साथ आपका ट्रेडिशनल लुक हर किसी को अट्रैक्ट करेगा।

ब्लू कलर साड़ी: मीडियम स्किन टोन वाली महिलाएं ब्लू कलर की साड़ी भी वियर कर सकती हैं। मीडियम स्किन टोन पर इस रंग की साड़ी काफी अच्छी लगती हैं। चाहें तो प्लेन या फिर बॉर्डर वाली नीले रंग की साड़ी का चुनाव करें। इसे आप मैचिंग ब्लाउज या फिर सिल्वर या गोल्डन बॉर्डर डिजाइन से मिलते जुलते ब्लाउज के साथ पहन सकती हैं। अगर आप स्टाइलिश लुक चाहती हैं तो इसके साथ मिनिमल मेकअप और स्टेटमेंट ज्वेलरी कैरी करें। इसमें आप फैशनेबल और स्टाइलिश नजर आएंगी।

(ये सुझाव फैशन डिजाइनर मीनाक्षी खंडेलवाल से बातचीत पर आधारित हैं)