Hair Care Tips: हेयर फॉल यानी बालों का झड़ना एक कॉमन समस्या है। वैसे तो एक दिन में सौ बालों का टूटना सामान्य माना जाता है, लेकिन अगर बालों के झड़ने की स्पीड बढ़ जाए तो फिर ये चिंता पैदा करने वाली बात होती है। अगर सही समय पर बालों की देखभाल करना शुरू नहीं किया जाए तो ये आपको गंजेपन का शिकार बना सकती है। गंजापन शर्मिंदगी की वजह भी बन सकता है। बालों के झड़ने की समस्या का वैसे तो कोई ठोस इलाज अब तक सामने नहीं आया है, लेकिन कुछ घरेलू नुस्खे इस समस्या में राहत दे सकते हैं। ऐसा ही एक घरेलू नुस्खा हम आपके साथ साझा करने जा रहे हैं। 

बालों के लिए नारियल का तेल काफी अच्छा माना जाता है। नारियल के तेल में अगर कलौंजी को मिलाकर लगाया जाए तो कुछ वक्त में ही हेयर फॉल की समस्या कम होकर बाल घने और मजबूत होने लगते हैं। नारियल और कलौंजी को मिलाकर स्पेशल तेल को आसानी से तैयार किया जा सकता है। आइए जानते हैं इसकी विधि...

सामग्री
नारियल तेल - 1 कटोरी
कलौंजी - 2 चम्मच

विधि
नारियल-कलौंजी का तेल बनाने के लिए सबसे पहले एक बर्तन में नारियल का तेल डालें और उसे मीडियम आंच पर गर्म करने के लिए रख दें। तेल जब गर्म हो जाए तो उसमें 2 चम्मच कलौंजी डालकर मिला दें। अब तेल को तब तक गर्म करें जब तक कि उसका रंग न बदल जाए। जब तेल का कलर एकदम गहरा हो जाए तो गैस बंद कर दें। इसके बाद तेल को ठंडा कर एक बॉटल में स्टोर कर लें। 

तेल लगाने का तरीका
कलौंजी और नारियल के तेल से तैयार इस ऑयल को लगाने का तरीका बेहद आसान है। इसके लिए पहले बालों को दो बराबर हिस्सों में बांटें। फिर थोड़ा सा तेल हथेली पर लेकर उंगिलयों की मदद से इसे स्कैल्प पर लगाकर धीरे-धीरे मसाज दें। तेल लगाने के बाद इसे 2 घंटे के लिए छोड़ दें। इसके बाद बालों को किसी हर्बल शैंपू से धो लें। नियमित ऐसा करने से बालों का झड़ना कम हो जाएगा। 

(Disclaimer: इस लेख में दी गई जानकारियां और सूचनाएं सामान्य मान्यताओं पर आधारित हैं. हरिभूमि इनकी पुष्टि नहीं करता है. इन पर अमल करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से संपर्क करें.)