President Droupadi Murmu Speech High lights: संसद का बजट सत्र बुधवार सुबह 11 बजे शुरू हो गया। यह मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल का अंतिम बजट है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नई संसद में पहली बार दोनों सदनों-लोकसभा और राज्यसभा संसदों को संबोधित किया। राष्ट्रपति ने कहा कि इस नए संसद भवन में यह मेरा पहला संबोधन है। आजादी के अमृतकाल की शुरुआत में यह भव्य भवन बना है। यहां एक भारत श्रेष्ठ भारत की महक भी है। भारत की सभ्यता और संस्कृति की चेतना भी है। इसमें हमारी लोकतांत्रिक और संसदीय परंपराओं के सम्मान का प्रण भी है। साथ ही 21वीं सदी के नए भारत के लिए नई परंपराओं के निर्माण का संकल्प भी है। मुझे पूरा विश्वास है कि इस नए भवन में नीतियों पर सार्थक संवाद होगा। ऐसी नीतियां जो आजादी के अमृतकाल में विकसित भारत का निर्माण करेंगी। मैं आप सभी को शुभकामनाएं देती हूं। 

राष्ट्रपति ने गिनाई सरकार की उपलब्धियां

  • मेरी माटी मेरा देश अभियान के तहत देश भर के हर गांव की मिट्टी के साथ अमृत कलश दिल्ली लाए गए। 2 लाख से ज्यादा शिला फलकम स्थापित किए गए। 3 हजार करोड़ से ज्यादा लोगों ने पंच प्राण की शपथ ली। 70 हजार से ज्यादा अमृत सरोवर बने। 
  • दुनिया में गंभीर संकटों के बीच भारत सबसे तेजी से विकसित होती बड़ी अर्थव्यवस्था बना। लगातार 2 क्वार्टर में भारत की विकास दर 7.5 प्रतिशत से ऊपर रही। भारत चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर झंडा फहराने वाला पहला देश बना। 
  • गुलामी के कालखंड से प्रेरित क्रिमिनल जस्टिस सिस्टम अब इतिहास हो गया है। अब दंड को नहीं बल्कि न्याय को प्राथमिकता है। न्याय सर्वोपरि के सिद्धांत पर नई न्याय संहिता देश को मिली है। डिजिटल पर्सनल डेटा प्रोटेक्शन अधिनियम से डिजिटल स्पेस और सुरक्षित होने वाला है। 

  • अनुसंधान नेशनल रिसर्च फाउंडेशन अधिनियम से देश में रिसर्च और इनोवेशन को बल मिलेगा। जम्मू कश्मीर आरक्षण कानून से वहां भी जनजातीय समुदायों को प्रतिनिधित्व का अधिकार मिलेगा। 
  • राम मंदिर के निर्माण की आकांक्षा सदियों से थी। आज यह सच हो चुका है। जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 हटाने को लेकर शंकाएं थीं, आज वो इतिहास हो चुकी हैं। इसी संसद ने तीन तलाक के खिलाफ कड़ा कानून बनाया। 
  • मोदी सरकार ने वन रैंक वन पेंशन को भी लागू किया, जिसका इंतजार चार दशकों से था। OROP लागू होने के बाद अब तक पूर्व सैनिकों को लगभग एक लाख करोड़ रुपए मिल चुके हैं। भारतीय सेना में पहली बार चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ की नियुक्ति भी हुई है। 
  • नीति आयोग के अनुसार, मेरी सरकार के एक दशक के कार्यकाल में करीब 25 करोड़ देशवासी गरीबी से बाहर निकले। यह हर गरीब में नया विश्वास जगाने वाली बात है। जब 25 करोड़ लोगों की गरीबी दूर हो सकती है तो उसकी भी गरीबी दूर हो सकती है। 

  • हमने भारत को फ्रैजाइल फाइव से निकालकर टॉप फाइव इकॉनॉमीज में शामिल होते देखा है। भारत का निर्यात, करीब 450 बिलियन डॉलर से बढ़कर 775 बिलियन डॉलर से अधिक हो गया है। पहले की तुलना में एफडीआई दोगुना हुआ है। खादी और ग्रामोद्योग के उत्पादों की बिक्री में 4 गुना से अधिक की वृद्धि हुई है। 
  • देश को Insolvency And Bankruptcy Code मिला है। साथ ही जीएसटी के रूप में एक देश एक टैक्स कानून भी मिला। उत्तर प्रदेश और तमिलनाडु में डिफेंस कॉरिडोर का विकास हो रहा है। मेरी सरकार ने डिफेंस सेक्टर में निजी क्षेत्र की भागीदारी सुनिश्चित की है। स्पेस सेक्टर को भी युवा स्टार्टअप के लिए खोला है। 
  • ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में लगातार सुधार हो रहा है। बीते कुछ सालों में 40 हजार से अधिक Compliances हटाए या सरल किए गए। कंपनी एक्ट और लिमिटेड लायबिलिटी पार्टनरशिप एक्ट में 63 प्रावधानों को अपराध की सूची से बाहर किया गया। 
  • एमएसएमई और लघु उद्यमियों को सशक्त करने के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता से काम कर रही है। आज उद्यम और उद्यम असिस्ट पोर्टल पर करीब 3 करोड़ एमएसएमई रजिस्टर्ड हैं। 
  • आज दुनिया के कुल रियल टाइम डिजिटल लेनदेन का 46 प्रतिशत भारत में होता है। पिछले महीने यूपीआई से रिकॉर्ड 1200 करोड़ के ट्रांजेक्शन हुए। इसके तहत 18 लाख करोड़ रुपए का लेनदेन हुआ।  
  • गांवों में पौने 4 लाख किमी नई सड़कें बनी हैं। नेशनल हाइवे की लंबाई, 90 हजार किमी से बढ़कर एक लाख 46 हजार किमी हो गई है। 
  • विकसित भारत की भव्य इमारत 4 मजबूत स्तंभों पर खड़ी होगी। ये स्तंभ युवा शक्ति नारी शक्ति, किसान और गरीब हैं। इन स्तंभों को मजबूत करने के लिए 3 करोड़ 10 लाख गरीब परिवारों को अपना पक्का घर मिला। 6 लाख करोड़ रुपए खर्च किए गए। लगभग 11 करोड़ ग्रामीण परिवारों तक पहली बार पाइप से पानी पहुंचा है। 

  • महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए सरकार प्रयास कर रही है। लगभग 10 करोड़ महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ चुकी हैं। 2 करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का अभियान चला रही है। नमो ड्रोन दीदी योजना के तहत समूहों को 15 हजार ड्रोन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। 
  • पीएम किसान सम्मान निधि के तहत अब तक 2 लाख 80 हजार करोड़ रुपए किसानों को मिल चुके हैं। 10 सालों में किसानों के लिए बैंक से आसान लोन में 3 गुना वृद्धि की गई है। 
  • 11 करोड़ शौचालयों का निर्माण कराया गया। इससे अनेक बीमारियों की रोकथाम की गई। शहरी क्षेत्र के हर गरीब परिवार को इलाज पर प्रति वर्ष 60 हजार रुपए तक बचत हो रही है। पाइप से शुद्ध पेयजल मिलने से भी प्रतिवर्ष लाखों बच्चों की जान बच रही है। 
  • मेरी सरकार ने पहली बार जनजातियों में भी सबसे पिछड़ी जनजातियों की सुध ली है। उनके लिए करीब 24 हजार करोड़ रुपए की पीएम जनमन योजना बनाई। दिव्यांगों और ट्रांसजेंडर के उत्थान के लिए भी मेरी सरकार काम कर रही है। 
  • मेडिकल और ग्रेजुएशन और पोस्ट ग्रेजुएशन के लिए ओबीसी के केंद्रीय कोटे के तहत दाखिले में 27 फीसदी आरक्षण सुनिश्चित किया गया है। राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानित दर्जा दिया गया। 
  • सरकार ने ऐसे कई क्षेत्रों को विकास से जोड़ा है, जो दशकों तक उपेक्षित रहे। सीमाओं से सटे गांवों को देश का अंतिम गांव माना जाता था। सरकार ने इन्हें देश का पहला गांव बनाया। इन गांवों के विकास के लिए वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम शुरू किया गया है।
  • आतंकवाद हो या विस्तारवाद आज सेनाएं जैसे को तैसा की नीति के तहत जवाब दे रही हैं। जम्मू कश्मीर में सुरक्षा का वातावरण है। अब वहां हड़ताल का सन्नाटा नहीं है। भीड़ भरे बाजार की चहल पहल है। नॉर्थ ईस्ट में अलगाववाद की घटनाओं में भारी कमी आई है। 
  • सरकार ग्रीन मोबिलिटी को प्रोत्साहित कर रही है। कुछ सालों में देश में लाखों इलेक्ट्रिक वाहनों का निर्माण हुआ है। अब तो भारत में ही बड़े हवाई जहाज के निर्माण के लिए कदम बढ़ा चुके हैं। मेड इन इंडिया एक ग्लोबल ब्रांड बन चुका है। दुनियाभर की कंपनियां भारत में नए सेक्टर्स को लेकर उत्साहित हैं। 
  • पर्यावरण को कोई नुकसान न पहुंचे, इसके लिए जीरो इफेक्ट जीरो डिफेक्ट पर बल दिया जा रहा है। ग्रीन एनर्जी पर फोकस है। 10 सालों में नॉन फॉसिल फ्यूल पर आधारित उर्जा क्षमता 81 गीगावॉट से बढ़कर 188 गीगावॉट हो चुका है।