PM Modi Meditation News Update: लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण की वोटिंग के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कन्याकुमारी के विवेकानंद रॉक मेमोरियल में ध्यान (Meditation) तपस्या पूरी हो गई है। वह 45 घंटे ध्यान में लीन रहे। उनके जप-तप, पूजा-पाठ और कठिन साधना का आज, शनिवार (1 जून) को तीसरा दिन था। पीएम मोदी यहां 30 मई की शाम पहुंचे थे। भगवती अम्मन देवी मंदिर में परिक्रमा, पूजा पाठ के बाद उन्होंने ध्यान शुरू किया था।  

हाथों में रुद्राक्ष की माला लेकर की परिक्रमा
शनिवार को ध्यान के तीसरे दिन की पीएम मोदी की तस्वीरें सामने आईं। वे भगवा वस्त्र पहने दिखे। माथे पर चंदन, हाथ में रुद्राक्ष की माला और मुख से मंत्रोच्चार करते दिखे। सुबह उन्होंने भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया। सूर्य नमस्कार किया, जो आध्यात्मक साधना से जुड़ा एक अनुष्ठान है। प्रधानमंत्री ने अपने हाथों में 'जप माला' लेकर मंडपम का चक्कर लगाया। स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर पुष्प चढ़ाए और ध्यान की मुद्रा में बैठे। 

पीएम मोदी गुरुवार शाम जब कन्याकुमार पहुंचे थे तो सबसे पहले उन्होंने भगवती देवी अम्मन मंदिर में दर्शन-पूजन किया। पूजा के दौरान मोदी ने सफेद मुंडु और शॉल पहना था। पुजारियों ने उनसे विशेष आरती कराई। प्रसाद में पुजारियों ने पीएम मोदी को प्रसाद, शॉल और देवी की तस्वीर भेंट की।

क्या है विवेकानंद रॉक मेमोरियल की मान्यता? 
कन्याकुमारी अपने सूर्योदय और सूर्यास्त के लिए प्रसिद्ध है। विवेकानंद रॉक मेमोरियल समुद्र के बीच एक छोटे से टापू पर स्थित है। हिंदू शास्त्रों के अनुसार देवी पार्वती ने भी भगवान शिव की प्रतीक्षा करते हुए एक पैर पर उसी स्थान पर ध्यान किया था।

PM Modi Meditation

होशियारपुर में पीएम मोदी ने की इस चुनाव की आखिरी रैली
प्रधानमंत्री ने गुरुवार को पंजाब के होशियारपुर में इस लोकसभा चुनाव की आखिरी रैली की। इसके बाद वे कन्याकुमारी पहुंचे थे। प्रधानमंत्री मोदी ने 75 दिनों में 206 रैली और रोड शो किए। विभिन्न समाचार और मीडिया प्लेटफार्मों के साथ लगभग 80 साक्षात्कार भी किए।

यह भी पढ़ें: PM Modi Meditation: पीएम मोदी का विवेकानंद रॉक पर 45 घंटे का ध्यान, देखें 10 तस्वीरें, ऐसे बिताएंगे 1 जून तक अध्यात्म के पल