(रुचि राजपूत)

Budh Pradosh Vrat Upay : हिन्दू धर्म में प्रदोष व्रत का बहुत महत्वपूर्ण स्थान है। प्रत्येक माह की त्रयोदशी तिथि को प्रदोष कहा जाता है। हिंदू धर्म के अनुयायी इस दिन पूरे श्रद्धाभाव के साथ भगवान भोलेनाथ की विधि विधान से पूजा आराधना करते हैं। फरवरी माह का पहला प्रदोष व्रत 7 फरवरी, बुधवार को है। बुधवार होने के कारण इसे बुध प्रदोष व्रत कहा जा रहा है। सूर्य अस्त होने के बाद और रात्रि के आने से पहले का समय प्रदोष काल कहलाता है। प्रदोष व्रत की पूजा इसी काल में की जाती है। इस दिन शिवलिंग पर कुछ ख़ास चीज़ें अर्पित करने से ही भोलेनाथ प्रसन्न होते हैं, और अपने भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूरी करते हैं। तो चलिए जानते हैं हरदा के रहने वाले पंडित एवं ज्योतिषी धर्मेंद्र दुबे से प्रदोष व्रत के दिन शिवलिंग पर किन चीज़ों को अर्पित करना चाहिए।

प्रदोष व्रत के दिन इन चीज़ों को करें शिवलिंग पर अर्पित 

-अच्छी सेहत का वरदान
इस दिन शाम के समय शिवलिंग पर घी, शहद, दूध, दही और गंगाजल अर्पित करना चाहिए। प्रदोष व्रत के दिन भगवान शिव को घी, शक्कर और गुड़ के आटे से बना भोग अर्पित करना शुभ माना गया है. धर्म शास्त्रों के अनुसार प्रदोष व्रत के दिन शिवलिंग पर इन चीज़ों को चढ़ाने से वे जल्दी प्रसन्न होते हैं, और अपने भक्तों को अच्छी सेहत का वरदान देते हैं।

-आर्थिक स्थिति होगी मजबूत
इस दिन भगवान शिव को धतूरा, आक, चंदन, अक्षत और बेलपत्र चढ़ाना शुभ होता है। शिवलिंग पर प्रदोष व्रत के दिन इन चीज़ों को चढ़ाने से भक्तों की मनोकामनाएं पूरी होती है। मान्यता के अनुसार प्रदोष व्रत वाले दिन शिवलिंग पर ये चीज़े अर्पित करने से व्यक्ति की आर्थिक स्थिति मज़बूत बनी रहती है।

-सुख समृद्धि के लिए
प्रदोष व्रत वाले दिन शिवलिंग पर केसर अर्पित करना शुभ होता है। माना जाता है कि शिवलिंग पर इस दिन केसर चढ़ाने से जीवन में सुख शांति बनी रहती है। इसके अलावा इस दिन शक्कर से शिवलिंग का अभिषेक करना चाहिए। ऐसा करने से घर में समृद्धि आती है और दरिद्रता दूर होती है।