Char Dham Yatra 2025 Registration: इस वर्ष की चारधाम यात्रा प्रारंभ होने में अब कुछ ही दिनों का समय शेष रह गया है। सरकारी गाइडलाइन्स के मुताबिक, शीघ्र ही चारधाम यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया प्रारंभ कर दी जायेगी। प्रतिवर्ष लाखों की संख्या में सनातनी इस यात्रा में पहुंचते है और बाबा बर्फानी के दर्शन से लाभान्वित होते है। यात्रा को सुचारु रूप से चलाने के लिए प्रशासन ने भी कमर कस ली है। आपकी जानकारी के लिए बता दें, इस यात्रा के तहत श्रद्धालुओं को बद्रीनाथ, केदारनाथ, यमुनोत्री और गंगोत्री के दर्शन करवाए जाएंगे। चलिए जानते है कब खुलेंगे कपाट और रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया।
2025 में कब शुरू होगी चार धाम यात्रा?
30 अप्रैल 2025, बुधवार से गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खोले जाएंगे। इसी के साथ ही वर्ष 2025 की चार धाम यात्रा भी आरम्भ हो जायेगी। इसके पश्चात 4 मई 2025, रविवार को बद्रीनाथ धाम के कपाट खोले जाएंगे। लेकिन ध्यान देने वाली बात यह है कि, अभी तक प्रशासन की तरफ से केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की तारीख तय नहीं की गई है, जिसके बारे में 26 फरवरी 2025, बुधवार को पड़ रही महाशिवरात्रि के दिन ही जानकारी दी जायेगी।
2025 में चारधाम यात्रा की रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया
चारधाम यात्रा के ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन उत्तराखंड सरकार की वेबसाइट registrationandtouristcare.uk.gov.in पर किये जा सकते है। बता दें, इस वर्ष 60 प्रतिशत रजिस्ट्रेशन ऑनलाइन और 40 प्रतिशत रजिस्ट्रेशन ऑफलाइन किये जाएंगे। शीघ्र ही रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू होगी, जोकि 15 दिनों तक लगातार 24 घंटे चलती रहेगी। इसके पश्चात यात्रियों की बुकिंग स्थिति और संख्या को देखते हुए समय परिवर्तन किया जाएगा।
2025 में चारधाम यात्रा में VIP दर्शन पर शिकंजा
इस वर्ष सरकार और प्रशासन ने चारधाम यात्रा में VIP दर्शन पर शिकंजा कसने की तैयारी की है। प्रशासन की तरफ से ताजा अपडेट है कि, यात्रा के शुरू होने के पहले एक महीने तक कोई भी वीआईपी दर्शन नहीं करवाए जाएंगे। सभी व्यक्ति इस दौरान सिर्फ आम यात्रियों की तरह ही दर्शन करेंगे।