(रुचि राजपूत)

Makar Sankranti 2024 : मकर संक्रांति का पर्व इस बार 15 जनवरी को मनाया जाएगा। ऐसी मान्यता है कि इस दिन से सूर्य देव उत्तर दिशा की ओर जाने लगते हैं। जिसके बाद से सभी शुभ कामों की शुरुआत हो जाती है। सूर्य जब मकर राशि में प्रवेश करते हैं तभी मकर संक्रांति मनाई जाती है। मकर संक्रांति के मौके पर लोग पवित्र नदियों में स्नान करने के बाद पूजा पाठ करते हैं। इस दिन दान का भी विशेष महत्व बताया गया है। ऐसे में हरदा के रहने वाले पंडित एवं ज्योतिष शास्त्री धर्मेंद्र दुबे हमें बता रहे हैं कि अगर मकर संक्रांति में इन पांच चीजों का दान किया जाए तो आपकी जिंदगी में खुशहाली आ सकती है।

1. काला तिल
मकर संक्रांति के दिन काले तिल का विशेष महत्व होता है। मकर संक्रांति में काले तिल का दान भी अनिवार्य माना गया है। ऐसे में आप काले तिल का दान करें। दरअसल, संक्रांति के दिन सूर्य मकर राशि में प्रवेश करते हैं और मकर शनि देव की राशि हैं। ऐसे में शनि देव से जुड़ी चीजों का दान किया जाता है। काले तिल का संबंध भी शनि से है। पानी में काला तिल डालकर सूर्य को अर्घ्य देना चाहिए।

2. गुड़
गुड़ का संबंध गुरु से होता है। ऐसा माना जाता है कि गुड़ का दान देने से गुरु और सूर्य से जुड़ी कई समस्याओं को निदान हो जाता है। इसलिए गुड़ का दान करना चाहिए। 

3. कंबल
मकर संक्रांति का त्योहार सर्दी के महीने में आता है। मकर संक्रांति के दिन वस्त्र दान की भी परंपरा है। ऐसे में जरूरी है कि आप किसी जरूरतमंद को कंबल दान करें। कंबल दान करके आप राहु और शनि से जुड़ी समस्‍याओं से मुक्ति पा सकते हैं।

4. खिचड़ी
मकर संक्रांति को खिचड़ी के नाम से भी जाना जाता है। इस दिन खिचड़ी बनाकर दान की जाती है। आप भी किसी भूखे को खिचड़ी दान कर सकते हैं। चावल में काला उड़द मिलाकर दान करें। खिचड़ी का दान करने से शनि के दोषों से मुक्ति मिलती है।

5. घी 
मकर संक्रांति के दिन घी का भी दान करना चाहिए। शास्त्रों के अनुसार घी का संबंध सूर्य और गुरू से होता है। ऐसे में घी दान करने से शनि और गुरु दोनों की कृपा आपके ऊपर हो सकती है।