Spiritual festival: हरिद्वार के हरिहर आश्रम में दत्त जयंती के उपलक्ष्य में तीन दिवसीय विशाल संत समागम और आध्यात्मिक महोत्सव का रविवार को भव्य शुभारंभ हुआ। यह आयोजन आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरी के पंचदशनाम जूना अखाड़ा आचार्य पीठ पर पदस्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने और दत्त जयंती के उपलक्ष्य में किया जा रहा है। इस मौके पर संघ प्रमुख डॉ. मोहन भागवत ने कहा कि "यहां सनातन था, है और रहेगा...जो शेष है वही सनातन है..."। 

मोहन भागवत ने कहा, 'देश को चलाने वाले तंत्र के जो लोग हैं, वो प्रजा के पालन की बुद्धि रखकर उस तंत्र में रहें। प्रजा को रूल करने की बुद्धि से ना रहें। हमारे प्रधानमंत्री ने कहा कि पार्लियामेंट में आने के पहले दिन कि मैं प्रधान सेवक हूं। इस वृत्ति से लोग सत्ता और प्रशासन में रहें। उन्होंने कहा कि हमारी प्रार्थनाओं में सबको सुखकारी कहा जाता है। कल्याण की हमारी कल्पना अध्यात्मिक और भौतिक सुख के लिए प्रयास दोनो तरफ करना है। सनातन के बारे में चिदानंद महाराज ने कहा कि जो था, है और रहेगा। 

देवपूजन से हुई कार्यक्रम की शुरुआत
समारोह की शुरुआत सुबह 9 बजे श्री पंचदेव यज्ञ के अरणी मंधन और आरंभिक देव पूजन के साथ हुई, जिसमें संघ प्रमुख डॉ. मोहनराव भागवत , हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, योग ऋषि स्वामी रामदेव, स्वामी कैलाशानंद, स्वामी परमात्मानंद, स्वामी माधवप्रिय दास, स्वामी चिदानंद, स्वामी ब्रह्मेशानंद, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी, पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूड़ी, मदन कौशिक समेत राष्ट्र के कई दिग्गज शामिल रहे।

यह कार्यक्रम होंगे 
महोत्सव में श्री दत्त आराधना महोत्सव, सांस्कृतिक रक्षा सम्मेलन, धर्मसभा, संत समागम और विभिन्न सांस्कृतिक आध्यात्मिक अनुष्ठान होंगे। 24, 25 और 26 दिसंबर को होने वाले इस कार्यक्रम में देशभर से लाखों अनुयायी शामिल हो रहे हैं। आचार्य पीठ परिवार ने सभी धर्म प्रेमियों से आध्यात्म लाभ लेने की अपील की है। 

आयोजन में ये होंगे शामिल
इन आध्यात्मिक कार्यक्रमों में देश के सभी सम्प्रदायों के शीर्षस्थ आचार्य, संत-महात्माओं के अलावा रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, हिमापल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रसाद शुक्ला, केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, जम्मू कश्मीर के उप-राज्यपाल मनोज सिन्स, लोकसभा के अध्यक्ष ओम बिरला, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, मप्र के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सहित विश्व की अनेक मूर्धन्य विभूतियां शामिल हो रही हैं।

लोक कल्याणकारी आध्यात्मिक आयोजन
प्रभु प्रेमी संघ भोपाल शाखा के कोषाअध्यक्ष पंडित राम शुक्ला ने बताया कि हरिद्वार के हरिहर आश्रम में यह आध्यात्मिक महोत्सव किया जा रहा है। प्रभुप्रेमी संघ दुनियाभर में आध्यात्मिक मूल्यों के संरक्षण व संवर्धन के लिए प्रयासरत रहती है।  "दत्त जयंती"  पर दिव्य आध्यात्मिक महोत्सव और अन्य विभिन्न लोक कल्याणकारी अध्यात्मिक आयोजन किए जा रहे हैं।