GT ipl 2025: गुजरात टाइटंस (GT) के कप्तान और भारतीय बल्लेबाज शुभमन गिल आईपीएल 2025 सीजन से पहले अहमदाबाद पहुंच गए। टीम के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल ने गिल के स्वागत का वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, "शुभ घड़ी छे आवी!", जिसमें गिल का पारंपरिक नृत्य और आतिशबाजी के साथ स्वागत नजर आ रहा।

गुजरात टाइटंस का पहला मुकाबला 23 मार्च को पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ नरेंद्र मोदी स्टेडियम में है। शुभमन गिल इस सीजन में टीम को फिर से जीत की पटरी पर लाने के इरादे से उतरेंगे।

पिछला सीजन रहा था निराशाजनक
2022 में खिताब जीतने और 2023 में उपविजेता रहने के बाद GT का पिछला सीजन बेहद खराब रहा था। टीम 2024 में 14 में से सिर्फ 5 मुकाबले जीत पाई, 7 मैच हारे और 2 मैच बारिश की भेंट चढ़े। टीम अंक तालिका में आठवें पायदान पर रही। टीम के लिए कप्तानी बदलाव भी बड़ा कारण रहा। हार्दिक पंड्या के मुंबई इंडियंस (MI) में वापसी के बाद कप्तानी की जिम्मेदारी शुभमन गिल को सौंपी गई थी।

गिल की बल्लेबाजी फॉर्म में गिरावट
शुभमन गिल का पिछला सीजन व्यक्तिगत रूप से भी उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। उन्होंने 12 पारियों में 426 रन बनाए, जिसमें एक शतक और दो अर्धशतक शामिल रहे। उनका औसत 38.72 और स्ट्राइक रेट 147 से थोड़ा ऊपर था। जबकि 2023 में गिल ने 890 रन बनाकर ऑरेंज कैप जीती थी, जिसमें तीन शतक और चार अर्धशतक शामिल थे।

अब तक गिल ने गुजरात टाइटंस के लिए 45 पारियों में 1799 रन बनाए हैं, जिसमें चार शतक और 10 अर्धशतक शामिल हैं। उनका औसत 44.97 और स्ट्राइक रेट 147.70 है।

गुजरात टाइटंस की स्क्वॉड 2025 (Gujarat Titans IPL 2025 Squad)
बल्लेबाज: शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, राहुल तेवतिया, शेरफेन रदरफोर्ड

विकेटकीपर: जोस बटलर, कुमार कुशाग्र, अनुज रावत

ऑलराउंडर: राशिद खान, वॉशिंगटन सुंदर, एम शाहरुख खान, महिपाल लोमरोर, निशांत सिंधु, अर्शद खान, जयंत यादव, ग्लेन फिलिप्स, करीम जनत।

स्पिनर्स: मानव सुथार, साई किशोर

तेज गेंदबाज: कागिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गेराल्ड कोएत्जी, गुर्नूर बरार, ईशांत शर्मा, कुलवंत खेजरोलिया।

गुजरात टाइटंस की नजर इस बार एक बार फिर से प्लेऑफ में जगह बनाने और पुराने फॉर्म को दोहराने पर होगी।