Delhi Capitals IPL 2025: इंग्लैंड के पूर्व कप्तान केविन पीटरसन को आईपीएल 2025 के लिए दिल्ली कैपिटल्स का मेंटर नियुक्त किया गया। 44 साल के पीटरसन दिल्ली कैपिटल्स के कोचिंग स्टाफ में हेमांग बदानी (हेड कोच), मैथ्यू मॉट (असिस्टेंट कोच), मुनाफ पटेल (बॉलिंग कोच) और वेणुगोपाल राव (क्रिकेट डायरेक्टर) के साथ जुड़ेंगे। हालांकि, फ्रेंचाइज़ी ने अब तक आईपीएल 2025 के लिए कप्तान के नाम का ऐलान नहीं किया है।
यह पीटरसन का आईपीएल में पहला कोचिंग असाइनमेंट होगा। वो पिछली बार 2016 में आईपीएल खेले थे। 2009 से 2016 तक, पीटरसन तीन आईपीएल फ्रेंचाइज़ियों का हिस्सा रहे, जिसमें दिल्ली कैपिटल्स (तब दिल्ली डेयरडेविल्स) भी शामिल था। उन्होंने कुल 17 मैचों में कप्तानी की थी। आईपीएल 2009 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की कमान संभालने के बाद, 2014 में उन्होंने दिल्ली डेयरडेविल्स का नेतृत्व किया था, लेकिन टीम 14 में से सिर्फ 2 मैच जीतकर अंक तालिका में सबसे नीचे रही थी।
इंग्लैंड के लिए भी निभा चुके कप्तानी की जिम्मेदारी
केविन पीटरसन इंग्लैंड के लिए भी 15 मैचों में कप्तानी कर चुके हैं, जिसमें 2008 में भारत के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज भी शामिल है।
दिल्ली फ्रेंचाइज़ी से पुराना नाता
आईपीएल 2014 में दिल्ली की कप्तानी करने के बाद से ही पीटरसन का दिल्ली फ्रेंचाइज़ी से व्यक्तिगत संबंध बना हुआ है। जीएमआर के चेयरमैन किरण कुमार ग्रांधी के साथ उनकी दोस्ती है, जो दिल्ली कैपिटल्स के को ओनर हैं। पिछले साल सितंबर में, पीटरसन ने जीएमआर और हैम्पशायर काउंटी क्रिकेट क्लब के बीच एक ऐतिहासिक समझौता कराने में मदद की थी। 2024 में इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच टी20 मुकाबले में भी पीटरसन और गांधी को एक साथ देखा गया था।
पीटरसन अन्य टी20 लीग का भी हिस्सा रह चुके
आईपीएल के अलावा, पीटरसन बिग बैश लीग (BBL), पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) और कैरेबियन प्रीमियर लीग (CPL) का भी हिस्सा रह चुके हैं। कुल मिलाकर, उन्होंने 200 टी20 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 34 की औसत और 137 के स्ट्राइक रेट से 5695 रन बनाए हैं।
आईपीएल 2025 के लिए दिल्ली की टीम
दिल्ली कैपिटल्स, जो अब तक सिर्फ एक बार आईपीएल फाइनल में पहुंची है, ने 2024 में छठा स्थान हासिल किया था। पिछले साल की नीलामी में, दिल्ली के पास सबसे बड़ा पर्स था क्योंकि उन्होंने कई बड़े खिलाड़ियों को रिलीज़ कर दिया था। टीम ने अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, ट्रिस्टन स्टब्स और अभिषेक पोरेल को ही रिटेन किया था। इसके बाद, उन्होंने केएल राहुल, हैरी ब्रूक, फाफ डु प्लेसी और मिचेल स्टार्क जैसे बड़े नामों को टीम में शामिल किया।
दिल्ली के भारतीय कोचिंग स्टाफ- हेमांग बदानी, वेणुगोपाल राव और मुनाफ पटेल- ने हाल ही में दुबई कैपिटल्स को ILT20 का खिताब जिताया था, जो कि कैपिटल्स फ्रेंचाइज़ी का पहला बड़ा खिताब था।