India vs USA Match T20 World Cup 2024: आयरलैंड और पाकिस्तान को हराने के बाद अब टीम इंडिया का अगला मुकाबला मजबूत लग रही अमेरिका से होने जा रहा है। 12 जून को न्यूयार्क के नासाउ काउंटी में दोनों टीमें भिड़ेंगी। भारत, आयरलैंड और पाकिस्तान को हरा चुकी है। वहीं, अमेरिका, कनाडा और पाकिस्तान को मात दे चुकी है।  

ये 5 भारतीय खिलाड़ी देंगे चुनौती 
अमेरिकी टीम में आधे से ज्यादा भारतीय खिलाड़ी हैं, लेकिन 5 बड़े खिलाड़ी टीम इंडिया को चुनौती दे सकते हैं। इनमें पहला नाम टीम के कप्तान मोनांक पटेल है। मोनांक गुजरात राज्य से हैं। वह काफी समय से अमेरिका के लिए खेल रहे हैं। उनका बल्लेबाजी करने का अंदाज विराट कोहली से मिलता-जुलता है। पाकिस्तान की गेंदबाजी के खिलाफ उनकी स्ट्रोक मेकिंग देखकर लगता है कि वह भारत के खिलाफ भी खतरनाक साबित हो सकते हैं।  

वहीं, तेज गेंदबाज सौरभ नेत्रवालकर अमेरिकी टीम में तेज गेंदबाजी की अगुवाई करते हैं। सौरभ ने पिछले मैच में पाकिस्तान के खिलाफ 3 विकेट लिए। पाक टीम को हराने में उन्हीं की अहम भूमिका रही। नीतीश कुमार बल्लेबाज में अच्छे हाथ दिखा सकते हैं। जसदीप सिंह तेज गेंदबाज करते हैं। जसदीप ने बाबर आजम का अहम विकेट लिया था। वहीं, हरमीत सिंह बैटिंग ऑलराउंडर हैं। 

भारतीय मूल के इन खिलाड़ी के बारे में जानिए   
1. मोनांक पटेल 

मोनांक पटेल 31 साल के हैं। उनका जन्म आनंद गुजरात में हुआ। मोनांक गुजरात अंडर-16 और अंडर-19 टीम की तरफ से खेल चुके हैं। इसके बाद वह अमेरिका चले गए। वर्तमान में मोनांक पटेल, अमेरिका की राष्ट्रीय क्रिकेट टीम के कप्तान हैं। 

2. सौरभ नेत्रवालकर
सौरभ नेत्रवालकर भारतीय साल 2010 में अंडर 19 टीम की तरफ से विश्वकप खेल चुके हैं, लेकिन इसके बाद उन्हें भारत में ज्यादा मौके नहीं मिले तो वह अमेरिका चले गए। वहां की टीम में सौरभ बतौर तेज गेंदबाज खेल रहे हैं। 

3. नीतीश कुमार 
नीतीश कुमार का जन्म कनाडा में हुआ, लेकिन उनके पूर्वज भारत से कनाड़ा में आकर बसे। वह कनाडा टीम की तरफ से भी खेल चुके हैं। नीतीश दाएं हाथ के बल्लेबाज हैं। पाकिस्तान के खिलाफ आखिरी बॉल पर चौका लगाकर उन्होंने मैच टाई किया था, जिसके बाद सुपर ओवर हुआ।  

4. जसदीप सिंह 
जसदीप सिंह 31 साल के हैं उनका जन्म न्यूयार्क अमेरिका में हुआ। वह दाएं हाथ के तेज गेंदबाज है। जसदीप सिंह अमेरिका की राष्ट्रीय टीम की ओर से खेलते हैं। इसके अलावा अमेरिका के घरेलू क्रिकेट भी खेल चुके हैं।  

5. हरमीत सिंह 
हरमीत सिंह बल्लेबाजी के साथ-साथ स्पिन गेंदबाजी भी करते हैं। हरमीत सिंह का जन्म मुंबई में हुआ। हालांकि वह बाद में अमेरिका चले गए। वह भारतीय घरेलू क्रिकेट में मुंबई, त्रिपुरा, वेस्ट जोन, इंडिया बी टीम, रेस्ट ऑफ इंडिया और राजस्थान रॉयल्स की तरफ से खेल चुके हैं।