नई दिल्ली। टीम इंडिया भले ही दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहला टी20 हार गई लेकिन रिंकू सिंह ने शानदार पारी खेली। रिंकू ने अपने टी20 करियर का पहला अर्धशतक ठोका। इस बाएं हाथ के बैटर ने 39 गेंद में नाबाद 68 रन ठोके। भारत ने पावरप्ले में ही 3 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद रिंकू सिंह ने कप्तान सूर्यकुमार यादव के साथ अहम साझेदारी कर टीम इंडिया को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया था। 

रिंकू सिंह ने भारतीय पारी के 16वें ओवर में 30 गेंद पर अपना पहला अर्धशतक पूरा किया। इसके बाद उन्होंने 19वें ओवर में एडेन मार्करम की लगातार दो गेंदों पर छक्के लगाए। रिंकू ने एक हवाई फायर सीधा गेंदबाज के सिर के ऊपर से किया, जो सीधा मीडिया बॉक्स की ओर गया और उसका कांच टूट गया।

रिंकू के इस गगनचुंबी छक्के का वीडियो वायरल हो रहा है। हालांकि, ये छक्का भारतीय पारी का आखिरी स्कोरिंग शॉट साबित हुआ। क्योंकि इसके बाद बारिश शुरू हो गई और भारतीय पारी को 19.3 ओवर में ही रोकना पड़ा। 

दक्षिण अफ्रीका ने भारत को 5 विकेट से हराया
बारिश की वजह से खेले रोके जाने के वक्त भारत ने 7 विकेट के नुकसान पर 180 रन बना लिए थे। इसके बाद भारतीय पारी दोबारा शुरू नहीं हुई। दक्षिण अफ्रीका को जीत के लिए डकवर्थ लुईस नियम के तहत 15 ओवर में 152 रन का लक्ष्य मिला। रीजा हेंड्रिक्स 49 और कप्तान मार्करम की 30 रन की पारी की मदद से साउथ अफ्रीका ने इस टारगेट को 5 विकेट खोकर 13.5 ओवर में ही हासिल कर लिया। 

भारत की तरफ से मुकेश कुमार ने दो विकेट लिए। उनके अलावा कुलदीप यादव और मोहम्मद सिराज को एक-एक सफलता मिली। इस जीत के साथ ही दक्षिण अफ्रीका ने 3 टी20 की सीरीज में 1-0 की बढ़त ले ली। पहला मुकाबला बारिश में धुल गया था।