नई दिल्ली। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने इंग्लैंड के खिलाफ राजकोट में खेले जा रहे तीसरे टेस्ट में शतक ठोक दिया। रोहित ने 157 गेंद में अपना सैकड़ा पूरा किया। ये इस सीरीज में रोहित की पहली सेंचुरी है। उन्होंने टेस्ट में 218 दिन के बाद शतक जमाया। रोहित ने पिछला शतक 13 जुलाई, 2023 को वेस्टइंडीज के खिलाफ जमाया था। रोहित टेस्ट में शतक जड़ने वाले सबसे उम्रदराज भारतीय कप्तान बन गए। उन्होंने 36 साल 291 दिन की उम्र में ये सेंचुरी जमाई है। रोहित 196 गेंद में 131 रन बनाकर आउट हो गए। उनका विकेट मार्क वुड ने लिया। 

रोहित शर्मा ने रवींद्र जडेजा के साथ चौथे विकेट के लिए 150 से अधिक रन की साझेदारी कर ली है। ये इस सीरीज में भारत की तरफ से पहली शतकीय साझेदारी है। रोहित के टेस्ट करियर का ये 11वां शतक है। उन्होंने अपने शतक के दौरान 11 चौके और 2 छक्के उड़ाए हैं। रोहित इस टेस्ट सीरीज के पहले दो मुकाबलों में बड़ी पारी नहीं खेल पाए थे। उन्होंने हैदराबाद में खेले गए पहले टेस्ट में 24 और 39 रन की पारी खेली थी। इसके बाद विशाखापट्नम टेस्ट में भी वो नाकाम रहे थे और दोनों पारियों को मिलाकर 27 रन ही बनाए थे। लेकिन, राजकोट में रोहित ने पिछली नाकामी को भुलाकर शतक ठोका। 

रोहित का ये शतक ऐसे मौके पर आया है, जब टीम इंडिया को इसकी सबसे ज्यादा जरूरत थी। भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 33 रन के स्कोर पर 3 विकेट गंवा दिए थे। इसी स्कोर से अगर भारत को एक भी और झटका लगता तो फिर बल्लेबाजी बिखर सकती थी। क्योंकि इस मुकाबले में न तो विराट कोहली खेल रहे और न ही केएल राहुल। इन दोनों के स्थानों पर सरफराज खान और रजत पाटीदार को मौका मिला। 

इसी वजह से रोहित ने बड़े संयम से बल्लेबाजी की और जडेजा के साथ अच्छी पार्टनरशिप की। इसी पारी के दौरान रोहित शर्मा ने टेस्ट करियर का 79वां छक्का लगाया और महेंद्र सिंह धोनी (78) को पीछे छोड़ दिया। अब टेस्ट में भारत की तरफ से सबसे अधिक छक्के लगाने के मामले में सिर्फ वीरेंद्र सहवाग (91) ही रोहित से आगे हैं। 

रोहित शर्मा ने बतौर कप्तान तीसरा शतक जड़ा है। इसके अलावा उन्होंने इस शतकीय पारी के दौरान इंग्लैंड के खिलाफ 1 हजार टेस्ट रन भी पूरे किए। वो इस मुकाम तक 23 पारियों में पहुंचे हैं। इस दौरान उन्होंने तीन शतक और 4 अर्धशतक ठोके हैं। 2019 से वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में सबसे अधिक शतक जमाने वाले सलामी बल्लेबाजों में रोहित शीर्ष पर हैं। वो WTC में अबतक 8 शतक और इतने ही अर्धशतक ठोक चुके हैं।