नई दिल्ली। श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने बुधवार (13 दिसंबर) को नई सेलेक्शन कमेटी का ऐलान कर दिया। पूर्व ओपनर उपुल थरंगा को 5 सदस्यीय सेलेक्शन कमेटी का नया चेयरमैन बनाया गया है। नई कमेटी 2 साल के लिए नियुक्त की गई है। थरंगा के अलावा सेलेक्शन कमेटी में अजंता मेंडिस, इंडिका डि सरम, थरंगा पर्णाविताना और दिलरुवन परेरा शामिल हैं। 

श्रीलंका की नई सेलेक्शन कमेटी का पहला काम जिम्बाब्वे के खिलाफ अगले महीने होने वाली सीरीज के लिए टीम चुनना होगा। इसके बाद श्रीलंका को अफगानिस्तान से दो-दो हाथ करना है। इसके अलावा कमेटी की नजर अगले साल जून में होने वाली टी20 विश्व कप पर भी होगी। 

नए खेल मंत्री ने सेलेक्शन कमेटी चुनी
ये कदम श्रीलंका के वनडे विश्व कप में खराब प्रदर्शन के बाद उठाया गया है। टूर्नामेंट के फौरन बाद तत्कालीन खेल मंत्री रोशन रणसिंघे ने करप्शन के आधार पर क्रिकेट श्रीलंका को बर्खास्त कर दिया था।

क्रिकेट बोर्ड में सरकार के हस्तक्षेप के कारण आईसीसी ने क्रिकेट श्रीलंका को सस्पेंड कर दिया था। एसएलसी का विवाद बढ़ने पर श्रीलंका के राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे ने रोशन रणसिंघे को हटा दिया था। उनके स्थान पर हारिन फर्नांडो को खेल मंत्री बनाया गया था। 

श्रीलंका विश्व कप में 2 मैच जीती थी
बता दें कि श्रीलंका ने वर्ल्ड कप के 9 में से केवल 2 मैच जीते थे और टीम 2025 चैंपियंस ट्रॉफी के लिए क्वालिफाई करने से चूक गई थी। श्रीलंका के खेल कानून के तहत, सेलेक्शन कमेटी को नियुक्त करने की शक्ति पूरी तरह से खेल मंत्री के पास है।

यह समझा जाता है कि श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड अगले साल के टी20 विश्व कप तक आगे बढ़ने के लिए प्रमोदया विक्रमसिंघे की अध्यक्षता वाली निवर्तमान कमेटी के पक्ष में था। हालांकि नए खेल मंत्री हारिन फर्नांडो ने नई सेलेक्शन कमेटी बनाने का फैसला किया। 

अपने कार्यकाल के दौरान, प्रमोदया विक्रमसिंघे ने कई सीनियर खिलाड़ियों को नजरअंदाज कर श्रीलंका क्रिकेट टीम में युवा खिलाड़ियों को काफी मौका दिया था। उनके इस कदम के मिले-जुले नतीजे देखने को मिले थे। श्रीलंका ने 2022 में टी20 एशिया कप जीता था। इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया, साउथ अफ्रीका और भारत के खिलाफ घरेलू सीरीज जीती थी। हालांकि, भारत में हुए वनडे विश्व कप में भी टीम अपनी छाप छोड़ने में नाकाम रही थी।