WPL 2024, DCW vs GG: वीमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2024 के 20वें और लीग स्टेज के आखिरी मुकाबले में बुधवार को गुजरात जायंट्स (GG) का सामना दिल्ली कैपिटल्स (DCW) से हुआ। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने गुजरात जायंट्स को 7 विकेट से हराया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात जायंट्स ने 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 126 रन बनाए। जवाब में दिल्ली कैपिटल्स ने 13.1 ओवर में 3 विकेट खोकर लक्ष्य को हासिल कर लिया। मैच जिताऊ पारी के लिए शेफाली वर्मा को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

शेफाली वर्मा ने लगाया अर्धशतक
127 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली की शुरुआत तूफानी रही। मेग लैनिंग और शेफाली वर्मा के बीच पहले विकेट के लिए 31 रनों की साझेदारी हुई। चौथे ओवर की पहली गेंद पर मेग लैनिंग रन आउट हुईं। उन्होंने 10 गेंदों पर 18 रन बनाए। इसी ओवर में तनुजा कंवर ने एलिस कैप्सी को मन्नत कश्यप के हाथों कैच आउट कराया। कैप्सी खाता तक नहीं खोल सकीं। इसके बाद शेफाली वर्मा और जेमिमाह रोड्रिग्स ने तीसरे विकेट के लिए 94 रन जोड़े। 13वें ओवर की आखिरी गेंद पर शेफाली वर्मा कैच आउट हुईं। उन्होंने 37 गेंदों पर 71 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 7 चौके और 5 छक्के लगाए। जेमिमाह रोड्रिग्स 38 और मारिज़ैन कप्प खाता खोले बिना नाबाद रहीं। गुजरात जायंट्स की ओर से  तनुजा कंवर ने 2 शिकार किए। 

गुजरात जायंट्स ने बनाए 126 रन
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात जायंट्स की शुरुआत बेहद खराब रही। पहले ओवर की आखिरी गेंद पर ही कप्तान बेथ मूनी को मारिज़ैन कप्प ने बोल्ड किया। मूनी ने 5 गेंदों का सामना किया और वह खाता तक नहीं खेल सकीं। चौथे ओवर में जेस जोनासेन ने गुजरात जायंट्स को दूसरा झटका दिया। जेस ने दयालन हेमलता को 4 के स्कोर पर बोल्ड किया। अगले ही ओवर में मारिज़ैन कप्प ने लॉरा वोल्वार्ड्ट को शेफाली वर्मा के हाथों कैच आउट कराया। 

लगातार विकेट खोती रही टीम
लगातार अंतराल में विकेट खो रही गुजरात की पारी को फोएबे लिचफील्ड और एशले गार्डनर ने संभालने का प्रयास किया। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 26 गेंदों पर 23 रन जोड़े। मिन्नू मणि ने इस साझेदारी को तोड़ा। उन्होंने 9वें ओवर में एशले गार्डनर को बोल्ड किया। उन्होंने 2 चौकों की मदद से 12 गेंदों पर 12 रन बनाए। 48 के स्कोर पर GG का 5वां विकेट गिरा। फोएबे लिचफील्ड ने 22 गेंदों पर 21 रन की पारी खेली। मिन्नू मणि की गेंद पर राधा यादव ने फोएबे का कैच लपका।

ये भी पढ़ें: WPL 2024 final: फाइनल में पहुंची दिल्ली कैपिटल्स, इस टीम से होगी भिड़ंत; जानिए प्लेऑफ का पूरा गणित

भारती फुलमाली ने बनाए 42 रन 
भारती फुलमाली और कैथरीन ब्राइस ने छठे विकेट के लिए 68 रन जोड़े। 19वें ओवर में शिखा पांडे ने भारती को बोल्ड कर इस साझेदारी को तोड़ा। भारती ने 36 गेंदों पर 42 रन बनाए। अगली ही गेंद पर उन्होंने तनुजा कंवर को बोल्ड किया। तनुजा गोल्डन डक का शिकार हुईं। आखिरी ओवर में भी गुजरात जायंट्स के 2 विकेट गिरे। तीसरी गेंद पर शबनम एमडी शकील (1) रन आउट हुईं। ओवर की 5वीं गेंद पर मेघना सिंह (4) भी रन आउट हुईं। मन्नत कश्यप खाता खोले बिना नाबाद रहीं। दिल्ली कैपिटल्स की ओर से मारिज़ैन कप्प, शिखा पांडे, मिन्नू मणि ने 2-2 शिकार किए। उनके अलावा जेस जोनासेन को 1 सफलता मिली।

ये भी पढ़ें: IPL 2024, CSK Playing 11: कौन सा खिलाड़ी लेगा डेवोन कॉनवे की जगह?, कैसे होगी रायुडू की भरपाई; ऐसी हो सकती चेन्नई की प्लेइंग इलेवन