रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पुलिस ने बच्चों की खरीदी-बिक्री करने वाले आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि, आरोपी महिला गरीब परिवारों से बच्चे खरीदकर उन्हें महंगे दामों में बेच दिया करती थी। इस पूरे मामले में पुलिस ने आरोपी महिला समेत 6 लोगों को सिविल लाइन से गिरफ्तार किया है। वहीं महिला के कब्जे से एक बच्चे को भी बरामद किया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि, राजधानी रायपुर में एक गिरोह के द्वारा बच्चों को खरीदने और बेचने का काम किया जा रहा है। इस सूचना पर आईजी रतन लाल दांगी ने तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश एसएसपी प्रशांत अग्रवाल को दिए। पुलिस ने इस गिरोह पर पहले नजर रखी फिर जैसे ही महिला एक बच्चे और उसके परिजनों को लेकर सिविल लाइन पहुंची तो पुलिस ने उसे रंगे हाथों गिरफ्तार किया। साथ ही बच्चा बेचने आये परिजनों को भी पकड़ा है।

गरीब परिवारों को बनाती थी निशाना 

पकड़ी गई दोनों महिलाओं का नाम यशोदा नायक और सुशीला नायक है। महिलाओं ने पुलिस पूछताछ में बताया कि, वो ऐसे परिवार की तलाश करती थी जो बेहद ही गरीब होने के साथ आर्थिक रूप से कमजोर भी हो। ये दोनों महिलाएं ऐसे गरीब परिवारों को पैसों का लालच देकर उनसे डेढ़ लाख में उनका बच्चा खरीद लेती थी। उसके बाद वे उस बच्चे को पांच लाख में दूसरे को बेच देते थे।

फर्जी गोदनामा बनवाकर बेचती थी बच्चा

यशोदा ने पुलिस को बताया कि इस काम के लिए उसने अपने साथ सुशीला नायक को भी साथ रखा हुआ था। सुशीला को बच्चा लाने पर 3.5 लाख रूपये देने का लालच उसने दिया था और सुशीला ही बच्चों की खोजबीन करती थी। फिर सुशीला अपने पहचान वालों को पैसे का लालच देकर फर्जी गोदनामा में बच्चा लाती थी। इसी तरह से सुशीला बच्चे की तलाश करते हुए दुर्ग पहुंची। यहां एक गरीब परिवार से मिलकर उन्हें 1.5 लाख रूपये में अपने 4 माह के बच्चे को बड़े परिवार में देने का झांसा दिया। 

1.5 लाख में खरीदती थी बच्चा 

दुर्ग में सुशीला की बातों में आकर एक बच्चे का पिता द्वारा अपने बच्चे को 1.5 लाख रूपये में देने को राजी हो गया। जिसके बाद बच्चे और उसके परिवार के साथ महिला रायपुर के सिविल लाईन पहुंची। इधर रायपुर पुलिस को महिला तस्कर की जानकारी मिलते ही बाल विकास विभाग से समन्वय कर गिरोह को पकड़ा गया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आरोपियों से पूछताछ के बाद थाना सिविल लाईन को सौंप दिया गया। थाना सिविल लाईन में यशोदा नायक, सुशीला नायक निवासी रायपुर, बच्चे के पिता व उसके 3 रिश्तेदारों सहित 6 आरोपियों के खिलाफ धारा 370, 34 भादवि. व जे.जे. एक्ट 2015 की धारा 80, 81 के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।