रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा में शुक्रवार को भाजपा विधायक किरण देव ने बस्तर के मेला-मड़ई को सरकार पैसे देने का मामला उठाया। उन्होंने पूछा- बस्तर में कितने मेला- मड़ई का आयोजन किया जाता है। भाजपा की पिछली सरकार में ही मेला-मड़ई के लिए राशि देने की व्यवस्था की गई थी। 

किरण देव ने कहा कि, चित्रकोट महोत्सव, रामाराम महोत्सव और दशहरा महोत्सव के लिए राशि उपलब्ध कराई जाती है। लेकिन जो पैसे मिल रहे हैं वह अपर्याप्त हैं। मंत्री जी क्या ज्यादा पैसे देने की कोई व्यवस्था करेंगे। इस पर धार्मिक मामलों के मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने जवाब देते हुए कहा कि, बस्तर का दशहरा पूरे विश्व में अनूठा है। इस मेले के लिए 35 लाख रुपये दिए जा रहे थे। उनहोंने इसके लिए बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि, आने वाले समय में बस्तर दशहरा के लिए 50 लाख की राशि दी जाएगी। रामाराम महोत्सव और चित्रकोट महोत्सव के लिए भी 15 लाख दिए जाने की घोषणा बृजमोहन अग्रवाल ने की। वहीं गोंचा पर्व के लिए भी 3 के स्थान पर 5 लाख दिए जाने का ऐलान उन्होंने किया। 

संजारी अस्पताल में डाक्टरों की कमी

वहीं, संजारी बालोद चिकित्सालय में रिक्त पदों पर सवाल पुछते हुए कांग्रेस विधायक संगीता सिन्हा ने सवाल किया। उनहोंने कहा कि, जिला अस्पताल में बड़ी संख्या में पद रिक्त हैं, भर्ती कब होगी। इस पर जवाब देते हुए मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने कहा कि, विधायक डॉक्टर का नाम बता दें, हम 24 घंटे में नियुक्ति कर देंगे। रिक्त पदों पर भर्ती के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।  

19 फरवरी को विधानसभा में छुट्टी, भाजपाई जाएंगे दिल्ली

वहीं छत्तीसगढ़ विधानसभा में 19 फरवरी को सदन की कार्रवाई नहीं होगी। संसदीय कार्य मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने सदन में इस बाबत प्रस्ताव रखा। उल्लेखनीय है कि, भाजपा का राष्ट्रीय अधिवेशन उसी दिन देश की राजधानी दिल्ली में आयोजित है। जिसमें शामिल होने के लिए भाजपाई नेतागण दिल्ली जाने वाले हैं। बृजमोहन के प्रस्ताव पर स्पीकर डॉ. रमन सिंह ने की 19 फरवरी को सदन की कार्रवाई नहीं होगी की घोषण कर दी। सत्तापक्ष के इस प्रस्ताव पर विपक्ष ने भी सहमति जताई।