राजकुमार ग्वालानी-रायपुर। दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी भाजपा ने अपने सभी 18 करोड़ सदस्यों की सदस्यता को समाप्त कर दिया है। भाजपा दावा करती है कि उसके 18 करोड़ से ज्यादा सदस्य हैं। इन सभी को नए सिरे से सदस्यता लेनी होगी। एक सितंबर से शुरू होने वाले सदस्यता अभियान में देश का पहला सदस्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बनाया जाएगा। वहीं छत्तीसगढ़ के पहले सदस्य विष्णुदेव साय होंगे। छत्तीसगढ़ में वर्तमान में 37 लाख सदस्य हैं। इन्हें 50 लाख करने का लक्ष्य रखा गया है। राष्ट्रीय स्तर पर पीएम मोदी के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, राष्ट्रीय पदाधिकारियों, केंद्रीय मंत्रियों को सदस्य बनाया जाएगा। 

छत्तीसगढ़ में सदस्यता अभियान का आगाज मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पहला सदस्य बनाकर किया जाएगा। मंगलवार को सदस्यता अभियान को लेकर कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में होने वाली बैठक में प्रदेश में चलाए जाने वाले सदस्यता अभियान और बूथ से लेकर मंडल और जिलों में होनी वाली सदस्यता कार्यशाला पर फैसला होगा। बैठक में प्रदेश में सदस्यों का लक्ष्य भी तय होगा। सदस्य संख्या को 50 लाख करने की तैयारी है। भाजपा के राष्ट्रीय संगठन ने दिल्ली में सभी राज्यों के संगठन के पदाधिकारियों को बुलाकर सदस्यता अभियान को लेकर बड़ी कार्यशाला की। इसमें फैसला किया गया है कि भाजपा का सदस्यता अभियान इस बार नए सिरे से होगा। जो पुराने सदस्य हैं, उनको फिर से सदस्य बनाने के साथ नए सदस्यों को भी जोड़ा जाएगा। पुराने सदस्यों के अलावा इस बार देशभर में दस करोड़ नए सदस्य बनाने का लक्ष्य है। राज्यों को अपने राज्यों के हिसाब से लक्ष्य तय करना है।

प्रदेश में 50 लाख सदस्य बनाने की तैयारी

बैठक का सबसे अहम मुद्दा होगा नए सदस्यों को लेकर लक्ष्य तय करना। पिछली बार जितने सदस्य बनाए गए थे, उससे ज्यादा का लक्ष्य रखा जाएगा। भाजपा के अभी करीब 37 लाख सदस्य हैं। अब हर बूथ के लिए नए और पुराने सदस्य मिलाकर दो सौ का लक्ष्य रखा जाएगा। प्रदेश में करीब 25 हजार बूथ है। ऐसे में सदस्यों की संख्या 50 लाख के आसपास हो जाएगी। राजधानी रायपुर के साथ बड़े जिलों बिलासपुर, राजनांदगांव, दुर्ग, रायगढ़, कोरबा का लक्ष्य ज्यादा बड़ा होगा। इसी के साथ संभावना है कि मंत्रियों के जिलों को भी ज्यादा लक्ष्य दिया जाएगा।

पहले बनाएंगे सामान्य सदस्य

सदस्यता अभियान के लिए तीन चरण तय किए गए हैं। इसमें पहला चरण 1 से 25 सितंबर तक होगा। इसके बाद दूसरा चरण 1 से 15 अक्टूबर तक चलेगा। इसके बाद 16 से 31 अक्टूबर तक सक्रिय सदस्यता अभियान चलेगा। तीनों चरणों के बाद अंत में 1 से 10 नवंबर तक प्राथमिक एवं सक्रिय सदस्यता का रजिस्टर तैयार किया जाएगा।

प्रदेश संगठन की आज बैठक

भाजपा के सदस्यता अभियान को लेकर प्रदेश भाजपा संगठन की एक बड़ी बैठक मंगलवार को कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में होगी। इस बैठक के लिए भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह, प्रदेश प्रभारी नितिन नवीन और क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल आएंगे। बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उनका पूरा मंत्रिमंडल, सभी विधायक, सांसद तो रहेंगे ही साथ ही प्रदेश कोर ग्रुप, भाजपा राष्ट्रीय पदाधिकारी व कार्यसमिति सदस्य, मोर्चा के राष्ट्रीय पदाधिकारी, प्रदेश पदाधिकारी, संभाग प्रभारी, सहप्रभारी, प्रदेश सदस्यता अभियान टोली, जिला प्रभारी, सहप्रभारी, जिला अध्यक्ष, महामंत्री, मोर्चों के प्रदेश अध्यक्ष, महामंत्री, प्रकोष्ठों के प्रदेश संयोजक, सहसंयोजक, निगम महापौर, नेता प्रतिपक्ष, जिला पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, जिला सदस्यता अभियान टोली, नगरपालिका अध्यक्ष बैठक के लिए आमंत्रित किए गए हैं।

नए सिरे से बनेंगे सदस्य

प्रदेश सदस्यता अभियान समिति के संयोजक अनुराग सिंहदेव ने बताया कि, राष्ट्रीय संगठन ने तय किया है कि,  इस बार नए सिरे से सदस्य बनाए जाएंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 1 सितंबर को पहला सदस्य बनाकर सदस्यता अभियान प्रारंभ होगा। छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पहला सदस्य बनाएंगे।