रायपुर। भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति में राजनीति प्रस्ताव रखा गया। इसमें जहां मुख्य रूप से नरेंद्र मोदी के तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने पर बधाई प्रस्ताव है, वहीं नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा हिंदुओं को हिंसक कहने पर निंदा प्रस्ताव भी पारित किया गया है। इसी के साथ प्रस्ताव में केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख है।कार्यसमिति में राजनीतिक प्रस्ताव प्रदेश संगठन के उपाध्यक्ष शिवरतन शर्मा ने रखा। इसका समर्थन उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विधायक गुरु खुशवंत साहेब ने किया। प्रस्ताव में बताया गया, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पार्टी ने सफलता की ऐसी कहानी लिखी है, जिसे दोहराना अन्य दलों के लिए सदियों में संभव नहीं होगा।

आज इस कार्यसमिति को न केवल तीसरी बार पूर्ण बहुमत से केंद्र में सरकार बनाने की प्रसन्नता है, बल्कि छत्तीसगढ़ समेत तीन बड़े राज्यों में भी ऐतिहासिक वापसी का गौरव भी है। छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव में अभी तक की सबसे अधिक सीटें प्राप्त होने, अभी तक का सबसे अधिक मत प्रतिशत पाने और विपक्षी दल से मत प्रतिशत में सबसे अधिक अंतर से जीत हासिल करने यह कार्यसमिति आह्लादित है। इसी तरह लोकसभा चुनाव में भी छत्तीसगढ़ से 11 में से 10 सीट देकर अपना श्रेष्ठ प्रदर्शन दोहराने का भी संतोष यह कार्यसमिति व्यक्त करती है।

मोदी की गारंटी को कर रहे पूरा

मोदी की गारंटी पर ही भाजपा विधानसभा चुनाव में भी मैदान में थी। इसके अलावा कांग्रेस की वादाखिलाफी, उसकी विफलता तथा उसके घोटालों के मुद्दे भी चुनाव में थे। भाजपा के कार्यकर्ताओं ने उन मुद्दों को जनता तक ले जाने में जी तोड़ मेंहनत की। आज प्रदेश की भाजपा सरकार ने लगभग सात माह में मोदी गारंटी को पूरा करने का काम किया है। आगे भी जो वादे बचे हैं उनको पूरा किया जाएगा।

कांग्रेस से किया झूठ बोलने का काम

कांग्रेस लगातार अपनी हरकतों से देश और लोकतंत्र को कलंकित कर रही है। कांग्रेस नेता और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने संसद में हिन्दुओं को हिंसक कह कर देश और सनातन समाज का अपमान किया है, इसी तरह उन्होंने श्रीराम मंदिर आंदोलन के के बारे में भी अनर्गल बयानबाजी कर हिन्दू भावना को आहत किया है। यह विस्तारित कार्यसमिति राहुल गांधी के इस बयान की निंदा करती है कि हिन्दू हिंसक होते हैं। हजारों वर्षों से शांति और अहिंसा के लिए विख्यात हिन्दू समाज को इस तरह अपमानित करने की जितनी निंदा की जाय, वह कम है। कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव में भी लगातार झूठ का महाजाल फैलाया था, संविधान पर झूठ। आरक्षण खत्म कर देने का झूठ। चावल बंद कर देने का झूठ। महतारी वंदन योजना समाप्त कर देने का झूठ। यह तक झूठ कि मोदी जीतेंगे तो आगे से चुनाव नहीं होंगे, यह झूठ। इन तमाम झूठों का पर्दाफाश कर भाजपा ने सतत जनता का विश्वास हासिल किया है। हाल के दोनों चुनावों में मिली सफलता से उत्साहित यह कार्यसमिति भाजपा कार्यकर्ताओं का आह्वान करती है कि आगामी निकाय और पंचायत चुनाव में भी जनता के बीच जा कर पार्टी की रीति-नीति, मोदी की गारंटी और अपनी सरकारों की उपलब्धियों को लेकर निकाय और पंचायत चुनाव में भी पार्टी कि जीत सुनिश्चित करने में अपनी प्रभावी भूमिका निभाएं।