रायपुर।  अयोध्या में 22 जनवरी को राम मंदिर में भगवान श्री राम की प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम होगा। इस दिन पूरे देश में दीपावली जैसा उत्सव मनाने की पूरी तैयारी है। अपने राज्य छत्तीसगढ़ में भी विश्व हिंदू परिषद, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, बजरंग दल, भाजपा के साथ ही कई सामाजिक संगठन इस दिन के लिए अलग-अलग तैयारी में लगे हैं। प्रदेश में 15 हजार स्थानों पर बड़ी स्क्रीन लगाकर प्राण प्रतिष्ठा का लाइव दिखाया जाएगा। इसी के साथ 51 हजार मंदिरों में पूजा-अर्चना का  कार्यक्रम होगा। राजधानी रायपुर के राम मंदिर में जहां पूजा-अर्चना होगी, वहीं शाम को हजारों दीये जलाए जाएंगे। इसी के साथ आतिशबाजी भी होगी। जयस्तंभ चौक पर अयोध्या का कार्यक्रम दिखाने बड़ी स्क्रीन  लगाई जाएगी। 

अंबिकापुर के स्टेडियम में एक लाख दीये जलाने की तैयारी है। अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण का काम पूरा हो गया है और अब सभी को 22 जनवरी का इंतजार है। उस दिन राम लाल की प्राण प्रतिष्ठा के साथ ही राम लला के द्वार भक्तों के दर्शन के लिए खुल जाएंगे। कार्यक्रम के ही दिन देश के हर राज्य से हजारों की संख्या में लोग अयोध्या जाना चाहते हैं, लेकिन उस दिन भारी भीड़ के कारण परेशानी के साथ अव्यवस्था भी हो सकती है, ऐसे में राम मंदिर ट्रस्ट के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी देश वासियों से अपील की है कि प्राण प्रतिष्ठा वाले दिन अयोध्या न आकर कार्यक्रम के बाद कभी भी आकर दर्शन करें, ताकि किसी को परेशानी न हो।

हर गांव के मंदिर में कार्यक्रम

विश्व हिंदू परिषद ने ही पूरे राज्य में गांव-गांव में कार्यक्रम करने का बड़ा जिम्मा उठाया है। उसके साथ आरएसएस, बजरंग दल, भाजपा और सामाजिक संगठन भी जुटे हैं। अयोध्या के प्राण प्रतिष्ठा के पूरे कार्यक्रम को सुबह 11 से दोपहर को 1 बजे तक लाइव दिखाने की व्यवस्था की जा रही है। इसके लिए 15 हजार मंदिरों या उसके आसपास के स्थानों पर बड़ी स्क्रीन लगाकर लोगों को लाइव प्रसारण दिखाया जाएगा। इसी के साथ हर गांव-गांव के मंदिरों में पूजा-अर्चना होगी, प्रसाद का वितरण होगा। शाम तो दीये जलाए जाएंगे और आतिशबाजी भी होगी।

राम मंदिर में जलेंगे 11 सौ दीये 

राजधानी रायपुर के राम मंदिर में 22 जनवरी को बड़ा कार्यक्रम होगा। मंदिर के पुजारी हनुमंत लाल ने बताया, भगवान श्री राम का विशेष श्रृंगार किया जाएगा। मंदिर के हॉल में प्रोजेक्टर लगाकर अयोध्या के कार्यक्रम का लाइव दिखाया जाएगा। इसी के साथ शाम को मंदिर की तरफ से 11 सौ दीये जलाए जाएंगे। इसी के साथ भक्तों को भी आमंत्रित किया गया है। भक्त भी अपनी तरफ से दीये जलाएंगे, ऐसे में हजारों की संख्या में दीये जलेंगे।

बड़े शहरों में बड़ा कार्यक्रम 

 बड़े शहरों में बड़े कार्यक्रम भी होंगे। राजधानी रायपुर के जयस्तंभ चौक पर बड़ी स्क्रीन लगातार लाइव प्रसारण होगा। इसी के साथ राजधानी के कई स्थानों पर कार्यक्रम के प्रसारण के लिए बड़ी स्क्रीन लगेगी। रात को जमकर आतिशबाजी भी होगी। रायपुर से ज्यादातर मंदिरों में पूजा-अर्चना के साथ प्रसाद का वितरण और भंडारा होगा। इसी तरह से हर जिले और बड़े शहरों में भंडारा और आतिशबाजी का कार्यक्रम होगा। मंदिरों में 101, 501 से 11 सौ 21 सौ दीये भी जलाए जाएंगे।

21 हजार भक्त करेंगे हनुमान चालीसा का पाठ 

 प्राण प्रतिष्ठा के एक दिन पहले 21 जनवरी को दुर्ग में संगीतमय हनुमान चालीसा का पाठ कार्यक्रम रखा गया है। विहिप के साथ कई संगठनों ने मिलकर रविशंकर स्टेडियम दुर्ग में यह कार्यक्रम रखा है। इसमें 21 हजार भक्त एक साथ हनुमान चालीसा का पाठ करेंगे।

घर-घर जलेंगे दीये, मनेगी दीपावली 

प्राण प्रतिष्ठा वाले दिन घर-घर में दीये जलेंगे और दीपावली मनेगी। इसके लिए विहिप, आरएएस, भाजपा सभी ने तैयारी की है। जहां इनके सभी कार्यकर्ता अपने-अपने घरों में दीये जलाने के साथ पूजा- अर्चना का कार्यक्रम करेंगे, वहीं घरों के सामने रंगोली सजेगी और शाम को आतिशबाजी भी की जाएगी।60 लाख परिवारों को आमंत्रण प्रदेश के 60 लाख परिवारों को अयोध्या आने का आमंत्रण दिया जा रहा है। घर-घर तक अक्षत के साथ आमंत्रण पहुंचाने का जिम्मा विहिप ने उठाया है। विहिप के प्रांत कोषाध्यक्ष सीए धवल शाह ने बताया, लोगों को आमंत्रित करते हुए बताया जा रहा है कि अयोध्या के राम मंदिर ट्रस्ट ने अपील की है कि प्राण प्रतिष्ठा वाले दिन को छोड़कर इसके बाद किसी भी दिन अयोध्या आएं और राम लला के दर्शन करें।

लगातार हो रहे हैं कार्यक्रम

 प्रदेश में लगातार कार्यक्रमों का सिलसिला भी चल रहा है। कई स्थानों पर कलश यात्राएं निकल चुकी हैं। रोज सुबह प्रभात फेरी भी निकाली जा रही है। ये कार्यक्रम लगातार 22 जनवरी तक चलेंगे। लोग मंदिरों में पूजा-अर्चना भी कर रहे हैं।

शोभायात्रा-बाइक रैली 

प्राण प्रतिष्ठा वाले दिन के दो दिन पहले सर्व हिंदू समाज की राजधानी रायपुर में कालीमाता मंदिर से  भव्य जागरण बाइक रैली निकलेगी। इसमें हजारों की संख्या में बाइकर शामिल होंगे। इसके अगले दिन 21 जनवरी को तेलीबांधा तालाब से राम मंदिर तक शोभायात्रा निकालने का कार्यक्रम रखा है। इसमें दस हजार से ज्यादा लोग शामिल होंगे।

एक लाख जलेंगे दीये

अंबिकापुर के गांधी स्टेडियम में प्राण प्रतिष्ठा वाले दिन बड़ा कार्यक्रम तय किया गया है। इसमें जहां भजन संध्या होगी, वहीं एक लाख दीये जगमग होंगे। इन दिन पूरे शहर को भी दीयों से जगमग करने के लिए आतिशबाजी करके दीपावली मनाने की तैयारी की जा रही है। वहां पर 15 जनवरी से कई तरह के कार्यक्रम होंगे।

21 से विजय कौशल महाराज की रामकथा

राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज के दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में श्रीराम कथा आयोजन समिति द्वारा विजय कौशल महाराज की रामकथा का आयोजन 21 से 28 जनवरी तक किया गया है। जब राजधारी में राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम हुआ था, तब भी कौशल महाराज की ही रामकथा का आयोजन किया गया था।

लाइव प्रसारण के साथ मंदिरों में होगी पूजा-अर्चना

विहिप के साथ अन्य संगठनों ने मिलकर प्रदेश में हजारों स्थानों पर लाइव प्रसारण की व्यवस्था की है। इसी के साथ हर गांव के मंदिर में पूचा-अर्चना के बाद प्रसाद का वितरण होगा। भंडारा होगा, दीये जलेंगे, आतिशबाजी होगी। पूरी तरह से उस दिन राज्यभर में दीपावली मनेगी। -  धवल शाह, प्रांत कोषाध्यक्ष, विहिप