अंबिकापुर। भारत जोड़ो न्याय यात्रा की तैयारी को लेकर कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट शनिवार को सरगुजा पहुंचे। उन्होंने अंबिकापुर में संभाग के पूर्व मंत्रियों, पूर्व विधायकों व कांग्रेस पदाधिकारियों की बैठक ली। इस दौरान राजेश पायलेट ने बताया कि, राहुल गांधी की यात्रा 08 फरवरी को छत्तीसगढ़़ में रायगढ़ से प्रवेश करेगी। 13 फरवरी को अंबिकापुर में विशाल आमसभा होगी। उन्होंने कहा कि, इस यात्रा का उद्देश्य वंचित वर्ग के साथ न्याय के लिए खड़ा होना है। 

गांवों में रूकेंगे राहुल, शहर में पैदल चलेंगे
न्याय यात्रा का जो रूट तय हुआ है, उसमें पांच दिन न्याय यात्रा छत्तीसगढ़़ में रहेगी। दो दिनों तक हॉल्ट होगा, जिसमें राहुल दिल्ली एआईसीसी की बैठक में शामिल होने जाएंगे। इसके बाद वे अंबिकापुर में महामाया मंदिर से कलाकेंद्र तक पैदल चलेंगे और कलाकेंद्र मैदान पहुंचकर आमसभा को संबोधित करेंगे। 

सरकारी एजेंसियों का दुरूपयोग
पत्रकार वार्ता में सचिन पायलट ने कहा कि, विपक्ष के लोगों को बदनाम करने के लिए केंद्रीय एजेंसियों का दुरूपयोग किया जा रहा है। पूर्व मंत्री अमरजीत भगत के घर आईटी के छापे को लेकर सचिन पायलट ने कहा कि, विपक्षियों पर बिना किसी तथ्य के छापे मारे जा रहे हैं। असल में सरकार छत्तीसगढ़ में अपने वादे पूरा नहीं कर पा रही है। इस वजह से जनता का ध्यान भटकाने के लिए साजिश रचा गया है। 

लोकसभा चुनाव में जीतने वाले कैंडिडेट दिए जाएंगे-पायलेट

छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट ने कहा कि छत्तीसगढ़ में लोकसभा चुनाव में जीतने वाले कैंडिडेट दिए जाएंगे। विधानसभा में हम हारे हैं, लेकिन बहुत कम फासला है। इसलिए भाजपा भ्रम में न रहे। पायलट ने दावा किया कि देश में कांग्रेस एलांयस की बहुमत की सरकार बनेगी।

हसदेव जा सकते हैं राहुल, पायलट बोले-कांग्रेस जनता के साथ

राहुल गांधी अपने न्याय यात्रा के दौरान सरगुजा के हसदेव अरण्य क्षेत्र में कोल खनन का विरोध कर रहे लोगों के बीच भी जा सकते हैं। हालांकि कांग्रेस ने इसे स्पष्ट नहीं किया है। राजस्थान राज्य विद्युत निगम लिमिटेड को आबंटित हसदेव की खदानों का स्थानीय लोगों द्वारा विरोध किए जाने के मुद्दे पर सचिन पायलट बोले कि, इस मुद्दे पर कांग्रेस जनता के साथ है।

बैठक में संभागभर से पहुंचे थे पदाधिकारी
बैठक में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत, पूर्व मंत्री डा. प्रेमसाय सिंह पूर्व विधायक खेलसाय सिंह, पारस नाथ राजवाड़े, अंबिका सिंहदेव, भानू प्रताप सिंह सहित शफी अहमद राकेश गुप्ता एवं प्रदेश, संभागीय व जिला पदाधिकारी उपस्थित थे।