रायपुर। रायपुर दक्षिण विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी आकाश शर्मा का कहना है, दक्षिण विधानसभा क्षेत्र आसपास के विधानसभा क्षेत्रों के मुकाबले विकास की दौड़ में काफी पिछड़ा हुआ है। अभी उपचुनाव में यहां भाजपा के निष्क्रिय प्रत्याशी और कांग्रेस के सक्रिय प्रत्याशी के बीच मुकाबला होगा। यहां की जनता युवा चेहरे को पसंद करेगी। चुनावी संवाद में आईएनएच-हरिभूमि के प्रधान संपादक डॉ. हिमांशु द्विवेदी के सवालों का जवाब देते हुए आकाश ने दावा किया कि उपचुनाव जीतने के साथ ही कांग्रेस 2028 का चुनाव भी जीतेगी। पेश हैं बातचीत के अंश-

▶ ऐसी सीट से आप चुनाव लड़ रहे हैं जिसमें 10 माह पहले ही कांग्रेस चुनाव हारी है?
दक्षिण विधानसभा चुनाव भाजपा ने अवश्य जीती थी। अभी बृजमोहन नहीं निष्क्रिय सांसद सुनील सोनी चुनाव लड़ रहे हैं। यहां से भाजपा नए लोगों को मौका देने की चाह रखती है, लेकिन सुनील सोनी को उतार दिया। यह चुनाव निष्क्रिय और सक्रिय के बीच है।

▶  क्या सेटिंग बिछाई कि आप को टिकट मिला?
मुझे उठाकर नहीं लाया गया। स्कूल की पढ़ाई यहीं से मैंने की है। मैं पिछले 10 साल से यहां से सक्रिय रहा हूं। मैंने पिछली बार भी चुनाव टिकट मांगा था मैं यहां की तासीर जनता हूं। महापौर रह चुके सुनील सोनी अनुभवी हैं, बृजमोहन अग्रवाल यहां के विधायक रहे, लेकिन अनुभवी लोगों का लाभ क्षेत्र को नहीं मिला। जनता मुझे जानती है, मुझे विश्वास है कि जनता मुझे जिताएगी। जनता और चाहने वाले लोगों पर भरोसा है।

इसे भी पढ़ें...चुनावी संवाद : लोग जानते हैं कि मैं क्या हूं और कितना सक्षम हूं, मुझ पर सबका भरोसा है- सोनी

▶  2023 में क्यों चुनाव लड़ना चाहते थे। भाजपा का कौन नेता है, जो आपको सहयोग कर रहा है?
दक्षिण की जनता मुझे जानती है, इसलिए उस समय मैंने टिकट मांगा था। यहां के वार्डों में अपने लोग हैं। मुझे आश्वस्त किया है कि चुनाव में आशीर्वाद मिलेगा। मेरे बहुत से चाहने वाले लोग भी हैं। भाजपा को अपनों से खैर नहीं। लोग इस बार हमें वोट और सहयोग भी देंगे।

▶ सरकार भाजपा की है, सुनील अनुभवी नेता हैं। जनता क्यों आप को वोट दे?
जनता मुझे वोट इसलिए देगी कि उन्होंने भाजपा के प्रत्याशी को पहले देखा है। राजनीति में अवसर मिलता है, तो काम करना चाहिए। आप तीन बार के महापौर रहे क्या काम किया। अपराध प्रदेश में बढ़ता जा रहा है, ऐसे में लोग मुझे समर्थन देंगे। जनता किसी की बंधुआ मजदूर नहीं है। भाजपा सरकार आने के बाद अपराध बढ़ा है। युवाओं के लिए कोई काम नहीं हो रहा है। विकास कार्य दिखता नहीं।

▶  बृजमोहन अग्रवाल के लिए जितना काम भाजपा कार्यकर्ता करता है, क्या कांग्रेस कार्यकर्ता ऐसा काम कर सकते हैं?
दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस की संगठनात्मक इकाई मजबूत है। यहां पर हमारी टीम काम करेगी। राजनीति में युवा लोग आते हैं तो परिवर्तन होता है।

▶ जनता के लिए क्या करना चाहते हैं?
युवाओं के साथ चर्चा करके विधानसभा क्षेत्र में क्या करना चाहिए यह विचार कर काम करेंगे। क्षेत्र में कई समस्याएं हैं, उन पर काम करेंगे। महिलाओं के लिए कई काम करने की आवश्यकता है।

▶ कांग्रेस सरकार चुनाव क्यों हारी। क्या गलतियां हुई थीं?
विष्णुदेव साय सरकार को कांग्रेस सरकार की योजनाओं को लागू करना पड़ रहा है। किसानों को बोनस देना पड़ा। चुनाव में जीत हार तो लगी रहती है। हार के बहुत से कारण रहे होंगे, इस पर जाना नहीं चाहता। सरकार अच्छा काम कर रही थी। उसके कारण रहे होंगे। कुछ तो गलतियां हुई होंगी, इसमें सुधार कर रहे हैं। आने वाले समय में कांग्रेस पार्टी नए रूप में दिखेगी। उप चुनाव भी जीतेंगे और आने वाले चुनाव में अच्छा प्रदर्शन करेंगे।

▶ 10 माह से भाजपा सरकार चल रही है, यह आकाश को कितनी मुश्किल में डाल दिया है?
सूरजपुर, कवर्धा और बलौदा बाजार की घटना देखने को मिली। कौन चेहरा है कौन सरकार है यह समझ नहीं आ रहा है। सरकार आने के बाद अपराध में काफी वृद्धि हुई है। आम जनता पूरी तरह से भय के माहौल में है। कांग्रेस का इसका फायदा मिलेगा।

▶ भाजपा नेता अजय चंद्राकर ने आकाश शर्मा को पैराशुट प्रत्याशी बताया। बाहर के लोंगों को यहां उतार दिया है?
वो वरिष्ठ नेता है उनका सम्मान करता हूं। छत्तीसगढ़ में घर के बाहर पर नेम प्लेट लगा रहता हैं, उसमें गांव का नाम भी लिखा रहता है। मैं अर्जुदा का हूं। यह मेरा पैतृक गांव है। बल्कि भाजपा प्रत्याशी का मूल कहां से है यह भी सामने आना चाहिए।

▶ भाजपा के प्रत्याशी के साथ बृजमोहन का चेहरा है। आकाश के साथ किसका चेहरा देखें?
मेरे साथ कांग्रेस के तमाम बरिष्ठ नेताओं का हाथ है। चाहे वो भूपेश बघेल हों या टीएस सिंहदेव सब का आशीर्वाद है। मैं सामान्य परिवार का हूं। मेरे पिता सरकारी नौकरी करते हैं और मैं जनता के आशीर्वाद से चुनाव लड़ रहा हूं।

▶चुनाव में अभी से संसाधनों का संकट दिख रहा है। यहां के लोगों के लिए क्या कहना चाहेंगे?
मेरे साथी कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर चुनाव लड़ रहा हूं। चुनाव सुनील सोनी लड़ रहे हैं, लेकिन बृजमोहन अग्रवाल बयान दे रहे हैं कि कांग्रेस ने बाहरी प्रत्याशी उतारा है, इससे ही उनकी व्याकुलता दिखती है। दक्षिण विधानसभा की जनता युवा चेहरे के रूप में मुझे पसंद करते हुए कांग्रेस को विजयी दिलाएगी। आप सब के आशीर्वाद से चुनाव लड़ रहा हूं। आम जनता के मुद्दों और मूलभूत समस्याओं के लिए के लडूंगा। आपको ऐसा विधायक मिलेगा जो यहां के विकास आगे बढ़ाने का प्रयास करेगा।