जीतेंद्र सोनी-जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के चंदागढ़ गांव में आकाशीय बिजली गिरने से दर्दनाक हादसा हुआ। इस हादसे में खेत में काम कर रही 9 महिलाएं आकाशीय बिजली की चपेट में आ गईं। जिसमें से 2 महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 7 महिलाओं के झुलस जाने से उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। इनमे से 3 महिलाओं को इलाज के लिए अम्बिकापुर अस्पताल भेजा गया है।

खेत में धान रोपाई के दौरान हुआ हादसा

यह हादसा उस समय हुआ,जब पत्थलगांव थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत चंदागढ़ गांव की महिलाएं बारिश के दौरान खेत में धान की रोपाई कर रही थीं। झामझाम बारिश में धान की रोपाई करने के दौरान करीब 9 महिलाएं आकाशीय गाज की चपेट में आकर झुलस गई। सभी महिलाओं को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तमता में भर्ती कराया गया जहां से सभी घायल महिलाओं को सिविल अस्पताल पत्थलगांव में भर्ती कराया।  

इलाज के दौरान 2 महिलाओं की मौत

पत्थलगांव सिविल अस्पताल में इलाज के दौरान 25 वर्षीय श्रद्धा यादव और 20 वर्षीय राखी पैंकरा ने दम तोड़ दिया। बाकी 7 घायलों का इलाज जारी है, जिनमें से 3 की हालत गंभीर बताई जा रही है और उन्हें अम्बिकापुर अस्पताल रेफर कर दिया गया है।

घटना के बाद गांव में शोक की लहर

इस हादसे के बाद चंदागढ़ गांव में शोक की लहर फैल गई है। स्थानीय प्रशासन ने पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है। पत्थलगांव SDM आकांक्षा त्रिपाठी ने बताया कि मुआवजा प्रकरण तैयार किया जा रहा है और जल्द ही पीड़ितों के परिजनों को सुपुर्द किया जाएगा। 

7 घायलों का इलाज अभी जारी है 

पत्थलगांव BMO डॉ.जेम्स मिंज ने बताया कि घटना में मौत दो महिलाओं को पीएम को भेजा गया है।सभी घायलों को पहले तमता अस्पताल ले जाया गया ,वहां से इन घायलों को सघन उपचार के लिए पत्थलगांव सिविल अस्पताल में भर्ती किया गया।यहाँ पर राखी और श्रद्धा नामक दो महिलाओं की मौत हो गई। उन्होंने कहा कि  गम्भीर हालत में 7 घायलों का सिविल अस्पताल पत्थलगांव में सघन उपचार किया जा रहा है।