इमरान खान- नारायणपुर। छत्तीसगढ़ में नारायणपुर परिवहन संघ के सचिव रूपेश देवांगन के द्वारा शपथ ग्रहण के बाद सबसे बड़ी बात कर "मालिक" परिवहन संघ के माथे में लिखा "पूंजीपतियों" की संघ से गर्दा साफ कर दिया हैं। उन्होंने कहा कि, परिवहन संघ गांव के एक-एक आदमी का हैं, अब इसे सिर्फ नगर वासियों का होने का भ्रम पालना छोड़ दे। अपने विचार व्यक्त कर उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि पूरे ज़िलेवासी गांव, क़स्बे के जितने भी लोग ट्रक लेना चाहते है उनको नारायणपुर संघ में प्राथमिकता दी जाएगी। परिवहन संघ केवल नारायणपुर शहर के लोगो के किए नहीं सभी लोगों के लिए है। 

उन्होंने आगे कहा कि, तीन सालो में ट्रक मालिकों को बहुत ही परेशान किया गया जा रहा हैं। बहुत कम भाड़ा के साथ, पैसा भी पूरा नहीं मिलता हैं। ट्रांसपोर्टर द्वारा मनमानी कटौती से लोग परेशान होकर पर्ची फ़ाइनेंस के लिए मजबूर हो रहे। लोगो की गाड़िया बिकने की स्थिति में बन गई हैं। शपथ ग्रहण समारोह के दौरान सचिव पद की नई जिम्मेदारी संभाल रहे युवा चेहरा रूपेश देवांगन का दर्द झलक गया और उन्होंने कहा कि, किसी भी सदस्य की भी गाड़ी बिकने नहीं देंगे। 

उपाध्यक्ष बोले- संघ के हितों के लिए करेंगे मिलकर काम

इस दौरान मौजूद संघ के जिला उपाध्यक्ष रमेश जैन ने भी शपथ लेकर कहा कि संघ के हित के लिए मिलकर काम करेंगे। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित भाजपा के जिला अध्यक्ष रूपसाय सलाम जिला कांग्रेस कमेंटी के अध्यक्ष रजनू नेताम ने संघ की मौजूदा हालात पर अपने विचार व्यक्त कर संघ के लोगों को बेहतरीन कार्य करने के लिए अग्रिम शुभकामनाएं दिया। शपथ ग्रहण समारोह संघ के अध्यक्ष किशोर आर्य की मौजूदगी में संपन्न हुआ। उन्होंने कहा कि उपाध्यक्ष और सचिव के रूप में मुझे दो मजबूत कंधा मिला हैं। इनके साथ संघ को संघर्ष के दौर से निकालकर लोगों की समस्याओं को दूर करेंगे। मंच का संचालन सोनाराम साहू ने किया वहीं आभार सुदीप झा ने जताया।

युवा चेहरे पर जगा विश्वास, पहनाया जीत का सेहरा 

नारायणपुर मालक परिवहन संघ में रिक्त पड़े दो पदों को लेकर चुनाव हुआ। जिसमें सचिव पद के लिए तीन अभ्यर्थियों ने जिसमे रूपेश देवांगन, कृष्ण कुमार गुप्ता, प्रफुल्ल जैन नामांकन दाखिल किया, वहीं उपाध्यक्ष पद के लिए सूरज देवांगन, रमेश जैन, राजेन्द्र प्रजापति ने नामांकन दाखिल किया। शनिवार की सुबह 9 बजे से 1 बजे तक मतदान हुआ। 2 बजे से वोटों की गिनती हुई। सचिव पद में रूपेश देवांगन को 92 मत, कृष्ण कुमार गुप्ता को 66 मत और प्रफुल्ल जैन को 23 मत प्राप्त हुए। रूपेश देवांगन ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 26 मतों के अंतर से पराजित किया। उपाध्यक्ष पद में रमेश जैन की 91 मत, सूरज साहू को 57 मत, और राजेन्द्र प्रजापति को 32 मत प्राप्त हुए। रमेश जैन ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 34 मतों के अंतर से पराजित किया। परिवहन संघ के चुनाव में मौजूदा समस्याओं को देखते हुए मतदाताओं के द्वारा युवा चेहरे पर अपना विश्वास जताकर जीत का सेहरा पहनाया गया हैं। चुनाव अधिकारी सोना राम साहू ने दोनों प्रत्याशियों को विजेता घोषित किया

सचिव की हत्या के बाद खाली था पद 

पूर्व में सचिव पद पर विक्रम बैस एवं उपाध्यक्ष पद पर अजय जैन ने निर्विरोध चुनाव जीता था। विक्रम बैस की हत्या होने के कारण सचिव पद विगत दो माह से खाली था वहीं पूर्व में उपाध्यक्ष अजय जैन ने व्यक्तिगत कारणों से इस्तीफा देने के कारण पद रिक्त हो गया था। इससे परिवहन संघ कार्य प्रभावित हो रहे थे। जिसके कारण रिक्त पदों पर चुनाव का ऐलान किया गया।