रायपुर। जगदलपुर और हैदराबाद के बीच विमान सेवा प्रारंभ करने की घोषणा इंडिगो एयरलाइंस द्वारा कर दी गई है। यह फ्लाइट तीन दिन दोनों शहरों के बीच आवाजाही करेगी और चार दिनों तक इसका विस्तार रायपुर तक किया जाएगा। यानी चार दिन तक रायपुर-जगदलपुर के बीच यात्री इंडिगो की फ्लाइट में सफर करने की सुविधा ले पाएंगे। विमान का संचालन 31 मार्च से किए जाने की घोषणा की गई है। इंडिगो द्वारा इस फ्लाइट की शुरुआत करने की चर्चा काफी समय पहले प्रारंभ हो गई थी, मगर औपचारिक घोषणा अभी की गई है। रायपुर, जगदलपुर, हैदराबाद के बीच अभी अलायंस एयर द्वारा फ्लाइट का संचालन किया जाता है। 

कई बार तकनीकी वजह से इसकी आवाजाही नियमित नहीं हो पाती और यात्रियों की परेशानी का कारण बनता है। अब इस सेक्टर में सफर करने वाले यात्रियों को दूसरा विकल्प इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट के रूप में मिलेगा। इसके साथ ही रायपुर-जगदलपुर के बीच हवाई यात्रा करने वालों को एक और सुविधा मिलेगी। एयरलाइंस कंपनी ने 31 मार्च से इसका संचालन करने की घोषणा कर दी है। व्यास ट्रैवल्स के संचालक कीर्ति व्यास ने बताया कि जारी शेड्यूल के मुताबिक यह फ्लाइट सप्ताह में तीन दिन बुधवार, शनिवार और रायपुर को हैदराबाद-जगदलपुर के बीच आवाजाही करेगी। शेष चार दिन यानी सोमवार, मंगलवार, गुरुवार और शुक्रवार को इस फ्लाइट का विस्तार रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट तक किया जाएगा।

फ्लाइट का शेड्यूल

1. 6ई 7104 हैदराबाद से सुबह 10.50 बजे उड़ान भरकर दोपहर 12.3 बजे जगदलपुर पहुंचेगी। (संचालन सप्ताह से सातों दिन इसी वक्त पर किया जाएगा)
2. 6ई 7105 जगदलपुर से दोपहर 12.50 बजे रवाना होकर दोपहर 2.25 बजे हैदराबाद में लैंड होगी। ( संचालन बुधवार, शनिवार और रविवार को होगा)
3. 6ई 7105 जगदलपुर से दोपहर 3.30 बजे टेकऑफ होकर 5.05 बजे हैदराबाद पहुंचेगी। (टाइमिंग सोमवार, मंगलवार, गुरुवार और शुक्रवार को लागू रहेगा)
4. 6ई7092 जगदलपुर से दोपहर 12.50 बज रवाना होकर 1.50 बजे रायपुर पहुंचेगी।
5. 6ई7095 रायपुर से दोपहर 2.10 बजे उड़ान भरकर 3.10 बजे जगदलपुर में लैंड होगी। ( दोनों शेड्यूल सोमवार, मंगलवार, गुरुवार और
शुक्रवार को लागू रहेगा)

उड़ान के साथ कम हुए यात्री

एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार परीक्षाएं शुरू होने की वजह से विमान में सफर करने वाले यात्रियों की संख्या भी सामान्य हो चुकी है। पिछले सप्ताह की तुलना में इस बार यात्रियों की संख्या ढाई प्रतिशत कम रही। आवाजाही करने वाले यात्रियों की संख्या 44639 रही वहीं इस अवधि में चार उड़ानें कम रहीं। माना जा रहा है कि परीक्षा समाप्त होने के बाद यात्रियों की संख्या बढ़ेगी।

फिलहाल ऑनलाइन कैब सेवा

विमानतल में दूसरे शहर से आने वाले यात्रियों को फिलहाल ऑनलाइन बुकिंग कैब सेवा की सुविधा मिलती रहेगी। एयरपोर्ट प्रबंधन की ओर से अभी टैक्सी सेवा के लिए किसी एजेंसी का अधिकृत नहीं किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि इसके लिए अभी उच्च स्तर पर योजना बनाई जा रही है और टैक्सी सेवा को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर विचार किया जा रहा है।