रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने लोकसभा चुनाव लड़ने से इनकार किया है। उन्होंने कहा है कि, मैं विधायक हूं... मुझे लोकसभा चुनाव लड़ने की क्या जरूरत है। मैं प्रदेशभर में घूम-घूमकर प्रचार करना चाहता हूं। 

उल्लेखनीय है कि, दो दिन से चल रही कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी की चेयरमैन रजनी पाटिल की मौजूदगी में चल रही बैठक में पार्टी नेताओं ने सभी वरिष्ठ नेताओं को लोकसभा चुनाव के लिए मैदान में उतारने का सुझाव दिया था। इसी क्रम में नेताओं ने श्री बघेल का नाम रायपुर और राजनांदगांव दोनो ही लोकसभा क्षेत्र से प्रस्तावित किया था। कल मोहम्मद अकबर ने राजनांदगांव से और आज धनेंद्र साहू ने रायपुर लोकसभा क्षेत्र से भूपेश बघेल के नाम का प्रस्ताव रखा था। आज इसी पर श्री बघेल से मीडिया ने प्रतिक्रिया चाही थी। इस पर श्री बघेल ने कहा कि, मुझे पूरे प्रदेश भर में घूम-घूमकर प्रचार करने की जिम्मेदारी मिले तो ज्यादा अच्छा होगा।  

हां... हमने रिक्वेस्ट किया है : रजनी पाटिल 

उल्लेखनीय है कि, आज कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक समाप्त होने के बाद कमेटी की चेयरमैन रजनी पाटिल ने कहा कि, हमने सभी बड़े नेताओं से चुनाव लड़ने का आग्रह किया है। बाकी निर्णय पार्टी आलाकमान को लेना है। उन्होंने यह भी कहा कि अगले सप्ताह दिल्ली में बैठक होगी। पूर्व मंत्रियों और पूर्व सीएम के चुनाव लड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि, श्री बघेल को चुनाव लड़ने का आग्रह किया जाएगा। इससे चुनाव में रंगत आएगी। कार्यकर्ता उत्साहित होंगे।