बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में नक्सलवाद पनपने से लेकर अब तक की सबसे भीषण मुठभेड़ शुक्रवार (4 अक्टूबर) को नारायणपुर- दंतेवाड़ा जिलों की सीमा पर हुई है। वहीं सीएम विष्णुदेव साय के बस्तर दौरे के बीच ही मुठभेड़ में अब तक 32 नक्सलियों के मारे जाने की खबर है। इन सभी मारे गए नक्सलियों के शव सुरक्षाबलों ने बरामद कर लिए हैं। बड़ी संख्या में हथियारों के भी बरामद होने की खबर है। अब भी मुठभेड़ जारी है और मारे गए नक्सलियों की संख्या अभी बढ़ सकती है। 

उल्लेखनीय है कि, छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में पुलिस और नक्सलियों के बीच शुक्रवार को दोपहर से ही भीषण मुठभेड़ चल रही है। नक्सलियों के शवों के साथ बड़ी संख्या में ऑटोमेटिक हथियार बरामद किया गया है। मारे गए नक्सलियों में से कुछ के बड़े कैडर के होने की बात कही जा रही है। फिलहाल मुठभेड़ अभी भी चल रही है। 

एसपी गौरव राय ने की पुष्टि
पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ नारायणपुर- दंतेवाड़ा की सीमा पर चल रही है। रुक-रुक कर दोनों तरफ से फायरिंग हो रही है। मिली जानकारी के अनुसार सभी जवान सुरक्षित है। एसपी गौरव राय ने इसकी पुष्टि की है। दंतेवाड़ा- नारायणपुर पुलिस संयुक्त अभियान चला रही है। 

सीएम बोले- जवानों को मिली कामयाबी सराहनीय
छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में अब तक की सबसे बड़ी मुठभेड़ पर CM साय ने ट्वीट किया है। उनहोंने लिखा है कि, जवानों को मिली यह बड़ी कामयाबी सराहनीय है। उनके हौसले और अदम्य साहस को नमन करता हूं। नक्सलवाद के खात्मे के लिए शुरू हुई हमारी लड़ाई अब अपने अंजाम तक पहुंचकर ही दम लेगी। इसके लिए हमारी डबल इंजन सरकार दृढ़ संकल्पित है। प्रदेश से नक्सलवाद का खात्मा ही हमारा लक्ष्य है।

इस साल 190 नक्सली अब तक मारे गए
2024 में अब तक 190 से ज्यादा नक्सलियों को मुठभेड़ में मार गिराया गया है। पुलिस महानिरीक्षक, बस्तर रेंज सुन्दरराज पी ने दंतेवाड़ा मुठभेड़ से पहले बताया था कि बस्तर संभाग में मानसून सीजन में ही 212 से ज्यादा नक्सली गिरफ्तार हुए हैं। नक्सल विरोधी अभियान के दौरान 201 नक्सलियों ने सरेंडर भी किया है। बता दें कि 10 दिन पहले, 24 सितंबर को सुकमा जिले में एक मुठभेड़ हुई, जिसमें 2 नक्सलियों को मार गिराया गया। हालांकि, दोनों शव उनके साथियों ने ले लिए। DRG, CRPF और कोबरा के जवान कर्कनगुड़ा में नक्सलियों के मुख्य क्षेत्र में दाखिल हुए थे। साल 2024 में अब तक कुल 190 नक्सलियों को मारा गया है।

पिछले 10 महीनों में मारे गए नक्सलियों के आंकड़े

  • 20 मार्च को दंतेवाड़ा में 2 नक्सली मारे गए थे, इनमें एक महिला शामिल थी।
  • 27 मार्च को बीजापुर में एक नक्सली डिप्टी कमांडर समेत छह नक्सली मारे गए थे। इनमें एक महिला शामिल थी।
  • 3 अप्रैल को बीजापुर के कोरचोली मुठभेड़ में 13 नक्सली मारे गए, इनमें एक महिला। 
  • 6 अप्रैल को तेलंगाना-छत्तीसगढ़ सीमा पर 3 नक्सली मारे गए।
  • 16 अप्रैल को कांकेर की मुठभेड़ में 29 नक्सली मारे गए थे। इनमें 15 महिलाएं शामिल। 
  • 30 अप्रैल को नारायणपुर में CG-महाराष्ट्र बॉर्डर पर 10 नक्सली मारे गए, इनमें 3 महिलाएं। 
  • 10 मई को बीजापुर जिले के पीड़िया में 12 नक्सलियों को ढेर किया गया था, इनमें 2 महिला।
  • 25 मई को सुकमा और बीजापुर जिले में तीन नक्सली ढेर हुए। 
  • 8 जून अबूझमाड़ के आमदई एरिया में 6 नक्सली मारे गये। 
  • 14-15 जून को अबूझमाड़ में 8 माओवादी मारे गए, इनमें 4 महिलाएं।
  • 19 जुलाई को दंतेवाड़ा में एक महिला नक्सली को ढेर किया।
  • 31 अगस्त को नारायणपुर मुठभेड़ में 3 महिला नक्सली मारे गए।
  • 3 सितंबर को दंतेवाड़ा में 9 नक्सलियों को मारा गया, इनमें 6 महिलाएं।
  • 5 सितंबर को CG-तेलंगाना बॉर्डर पर 6 माओवादियों को ढेर किया गया, इनमें भी 2 महिला।
  • 24 सितंबर को सुकमा जिले में 2 नक्सली मारे गए।
  • 4 अक्टूबर को नारायणपुर- दंतेवाड़ा में अब तक 32 नक्सली मारे गए। (मुठभेड़ जारी)