सैय्यद वाजिद-मुंगेली। छत्तीसगढ़ जिले के पथरिया के स्वामी आत्मानंद स्कूल में प्राचार्य के खिलाफ पालकों और स्टाफ ने गंभीर आरोप लगाया है। जनदर्शन में आवेदन कर उन्होंने प्राचार्य को हटाने की मांग की है। 

दअरसल, पथरिया के स्वामी आत्मानन्द स्कूल में इन दिनों अव्यवस्था का अंबार है। शिक्षा के मंदिर में पढ़ाई कम, राजनीतिक गतिविधियां ज्यादा हो रही है। स्कूल के प्राचार्य सुरजीत सिंह टण्डन के खिलाफ जहां पालकों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि, प्राचार्य उनके साथ दुर्व्यवहार करते हैं साथ ही अनुभव की कमी होने की वजह से स्कूल को सही तरीके से संचालित नहीं कर पा रहे हैं। स्कूल में पढ़ाई और साफ-सफाई नियमित रूप से नहीं हो पा रही है। अनुभवहीन होने से पढ़ाई पूरी तरह से प्रभावित हो रही है।

यहां देखें पत्र..  

बेवजह नोटिस देकर देते हैं धमकी- स्टाफ 

स्कूल के कई स्टाफ ने भेदभाव और प्रताड़ना का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि, प्राचार्य महिला प्रेमी हैं। साथ ही अन्य स्टाफ को संविदा कर्मी होने की बात करके बेवजह नोटिस देकर कार्रवाई करने की धमकी देते हैं। इस वजह से कोई भी स्कूल की अव्यवस्थाओं को लेकर सामने नहीं आ पाता। प्राचार्य के खिलाफ लिखित शिकायत की गई लेकिन शिकायत ठंडे बस्ते में ही रह गई। कार्रवाई के नाम पर महज समझाइश दी गई। 

स्कूल में प्राचार्य को लेकर जारी है हलचल

संस्था प्रमुख हूं आरोप तो लगेंगे-प्राचार्य

स्कूल के प्राचार्य ने इस मामले पर कहा कि, संस्था प्रमुख होने के नाते उन पर लगे ये आरोप लाजमी हैं। लेकिन मैंने किसी के साथ न दुर्व्यवहार किया है, न किसी को प्रताड़ित किया है। उनको लगता है तो मेरी शिकायत कर लें इसके लिए वे स्वतंत्र हैं।
 
शिकायत पर जांच के बाद करेंगे कार्रवाई- डीईओ 

जिला शिक्षा अधिकारी सी के धृतलहरे ने बताया कि, उनके पास किसी तरह का पत्र नहीं आया है। अगर आता है तो मामले की जांच कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।