रायपुर। भारतीय संस्थागत रैंकिंग फ्रेमवर्क द्वारा जारी देश के टॉप 100 एग्रीकल्चर विश्वविद्यालयों की रैंकिंग में छत्तीसगढ़ के इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV) की रैंकिंग में भारी गिरावट आई है। 2020 में टॉप 10 की सूची में शामिल रहने वाला यह विश्वविद्यालय अब 39वें स्थान पर पहुंच गया है। 

IGKV 2020 मे टॉप 10 में था शामिल  

2020 में इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय टॉप 10 में शामिल था। लेकिन इस साल 44.14 अंकों के साथ यह 39वें स्थान पर पहुँच गया है। इस सूची में भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान, दिल्ली ने 87.98 अंकों के साथ पहला स्थान हासिल किया है।

रैंकिंग के लिए अपनाए जाते हैं यह मापदंड 

रैंकिंग में प्लेसमेंट परफॉरमेंस, टीचिंग लर्निंग रिसोर्सेस एंड पेडागोजी, रिसर्च, इंडस्ट्री इनकम और इंटीग्रेशन, प्लेसमेंट स्ट्रेटेजी एंड सपोर्ट, फ्यूचर ओरिएंटेशन, एक्सटर्नल परसेप्शन और इंटरनेशनल आउटलुक जैसी चीजों को ध्यान में रखा जाता है।

पूर्व और वर्तमान कुलपतियों का कार्यकाल 

पूर्व कुलपति डॉ (कर्नल) संजय कुमार पाटिल के कार्यकाल में IGKV टॉप 10 की सूची में था। वर्तमान कुलपति डॉ (कर्नल)गिरीश चंदेल के नेतृत्व में विश्वविद्यालय की रैंकिंग में गिरावट आई है। हाल ही में IGKV को डिफॉल्टर विश्वविद्यालय की सूची में भी शामिल किया गया था।