रुचि वर्मा - रायपुर। अमेरिका के वॉशिंगटन डीसी में बड़ी संख्या में हिंदू निवासरत हैं। यहां कई हिंदू मंदिर हैं, जहां विशेष आयोजन 22 जनवरी के उपलक्ष्य में हो रहे हैं। इन मंदिरों में सर्वाधिक प्रतिष्ठित दुर्गा मंदिर और राजधानी मंदिर है। कल ये दोनों ही मंदिर पूरी तरह से भक्तिमय रहेंगे। दुर्गा मंदिर में पूरे दिन राम भजनों का सिलसिला चलेगा। राजधानी मंदिर में विशेष रूप से रामकथा सुनाई जाएगी। श्रीराम चरित मानस का पाठ होगा। इनके अलावा अन्य मंदिरों  में भी हवन-पूजन का आयोजन किया गया है। महाआरती की तैयारियां मंदिरों में की जा रही हैं। सैकड़ों की संख्या में भक्तगण यहां शामिल होंगे। ऐसे में किसी उत्सव की तर्ज पर ही श्रद्धालुओं के शामिल होने संबंधित व्यवस्थाएं की जा रही हैं। मंदिरों में आयोध्या में होने वाले श्रीराम मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा का सीधा प्रसारण किया जाएगा। इसके लिए खास तौर से बड़े स्क्रीन की व्यवस्था की गई है।

400 कार होंगी रैली में शामिल

गोल्डन गेट तक भव्य कार रैली निकाले जाएगी। इसमें लगभग 400 कारों के शामिल होने की संभावना है। इन्हें विशेष रूप से सजाया जा रहा है। अमेरिका में बसे भारतीय परिवार इसे लेकर विशेष रूप से उत्साहित हैं। इस आयोजन में भी सैकड़ों की संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है। अमेरिका के कई स्कूलों में 22 जनवरी को स्पेशल फंक्शन स्टूडेंट्स के लिए रखा गया है। इसमें भारतीय छात्र नृत्य के जरिए रामकथा पेश करेंगे।

भारतीयों ने दी छुट्टी के लिए अर्जी

अमेरिका के मंदिरों में होने वाले विशेष आयोजनों में भारतीय परिवार शामिल हो सकें, इसके लिए उन्होंने छुट्टी ली है। अमेरिका में बसे भारतीय मूल के आंत्रप्रेन्योर आशुतोष बनर्जी ने बताया, लगभग 70 फीसदी भारतीयों ने 22 जनवरी को छुट्टी के लिए अपने कार्यालय में अर्जी दी है, जिससे वे भी जश्न का हिस्सा बन सकें। घरों में भी 22 जनवरी को दीपावली की तरह मनाने की तैयारी है। उत्सव की ही तरह घरों में सजावट हो रही है।