रायपुर। छत्तीसगढ़ के चर्चित सेक्स सीडी कांड में मंगलवार को पूर्व CM भूपेश बघेल, विनोद वर्मा और कैलाश मुरारका रायपुर कोर्ट में पेश हुए। इस दौरान मामले में आरोपियों के वकीलों ने अपनी दलीले सामने रखी। वहीं पिछली बार की सुनवाई में CBI ने अपना पक्ष रखा था। दूसरी बार सभी आरोपियों ने कोर्ट में हाजिरी लगाई।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बचाव में जबलपुर हाईकोर्ट के सीनियर वकील मनीष दत्त ने कोर्ट में दलीलें पेश की। उन्होंने कहा कि, बघेल को झूठे मामले में फंसाया गया है। भूपेश ने किसी भी प्रकार को कोई सीडी नहीं बनाई है और न ही सीडी बांटी। आगे कहा कि, उन्होंने किसी तरह का कोई अपराध नहीं किया है।
CBI ने सबूत होने का किया दावा
पिछली सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष के वकील फैजल रिजवी ने बताया था कि, कोर्ट में CBI बनाम कैलाश मुरारका और अन्य के विरुद्ध जांच पर बहस हुई थी। मामले में CBI ने बहस पूरी कर ली है, अब अभियुक्त के वकील बहस करेंगे। इस दौरान सभी आरोपी कोर्ट में पेश हुए हैं। वहीं मामले में CBI ने इलेक्ट्रॉनिक एविडेंस होने का दावा किया है।
क्या है सेक्स सीडी कांड
अक्टूबर 2017 में छत्तीसगढ़ में एक कथित सेक्स सीडी सामने आई थी। जिसे कथित रूप से पूर्व मंत्री राजेश मूणत का बताया गया था। इस मामले में सिविल लाइन थाने में एफआईआर भी दर्ज हुआ था। जिसके बाद पुलिस ने दिल्ली से पत्रकार विनोद वर्मा को गिरफ्तार किया था। मामले को कांग्रेस ने तत्कालीन सरकार की साजिश बताई थी।
तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष बघेल को किया गया था गिरफ्तार
पत्रकार विनोद वर्मा की गिरफ़्तारी के बाद सितंबर 2018 में कांग्रेस के तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल को भी गिरफ्तार किया गया था। बघेल पर मामले में उन पर साजिश रचने का आरोप लगा था। वहीं भूपेश बघेल ने जमानत देने से इनकार कर दिया था। जिसके बाद कांग्रेस प्रदेशभर में भाजपा सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया था। वहीं इसके बाद नवंबर 2018 में हुए विधानसभा चुनाव में जीतकर भूपेश बघेल मुख्यमंत्री बने थे।
2018 में CBI ने पेश की थी चार्जशीट
कथित सेक्स सीडी कांड केस में कोर्ट ने कैलाश मुरारका, पूर्व CM के मीडिया सलाहकार रहे विनोद वर्मा, भूपेश बघेल, विजय पांड्या, विजय भाटिया को मुख्य आरोपी बनाया है। वहीं इस केस के एक आरोपी रिंकू खनूजा की मौत हो चुकी है। मामले में CBI ने 2018 में चार्जशीट पेश की थी, लेकिन इस पर कोई आगे कोई सुनवाई नहीं हुई थी। अब रायपुर कोर्ट में CBI की चार्जशीट पर बहस चल रही है।