संतोष कश्यप- अम्बिकापुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में बड़ा हादसा हो गया है। जहां मिट्टी की दीवार गिरने से दो बच्चियों और एक वृद्ध महिला की मौत हो गई है। बताया जाता है कि, दादी अपनी दोनों पोतियों के साथ बैठी हुई थी। तभी अचानक उनके उपर दीवार गिर गई और तीनों नीचे दब गई। यह पूरा मामला फतेपुर का है।

इस घटना के बाद स्थानीय लोगों द्वारा आनन- फानन में तीनों को अम्बिकापुर मेडिकल कॉलेज लाया गया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे में मारी गई बच्चियों में से एक की आयु डेढ़ साल और दूसरे ढाई साल बताई गई है। जबकि, दादी की आयु 53 वर्ष हैं बताई जा रही है। इस घटना के बाद से परिजनों का रो- रो कर बुरा हाल है। 

डबरी में डूबने से दो बच्चों की मौत 

बस्तर जिले के पिपलावांड गांव में डबरी में डूबने से दो बच्चों की मौत हो गई। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मामला भानपुरी थाना क्षेत्र का है। दो बच्चे अपनी माँ के साथ नल में पानी भरने गए हुए थे। इस दौरान बच्चे खेलते-खेलते डबरी के पास पहुंच गए। जब माँ ने उन्हें आसपास नहीं देखा, तो उसने उन्हें आवाज लगाई, लेकिन कोई आवाज नहीं है। बच्चों को ढूंढने के लिए गाँव के लोग एकत्र हो गए और आसपास खोजने लगे। काफी खोजबीन के बाद डबरी में दोनों बच्चे के शव तैरती हुई मिली।