संतोष कश्यप-अंबिकापुर। अंबिकापुर में एक व्यक्ति ने दो महीने पहले अपनी पत्नी की हत्या कर दी। हत्या के बाद उसने पत्नी की लाश को घर के पास ही खेत में दफन कर दिया था। इसके बाद उसने खुद ही थाने में पत्नी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। परिजनों की शिकायत के बाद मामले की जांच हुई और आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। यह मामला सीतापुर थाना क्षेत्र के ग्राम ढोढ़ागांव सीहारजोर का है। 

मिली जानकारी के अनुसार, दो महीने पहले संजीत पैकरा की पत्नी बिहानी पैकरा से विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ा कि, संजीत ने बिहानी की हत्या कर दी। हत्या के बाद उसने पत्नी की लाश को घर के पास ही खेत में दफन कर दिया। फिर खुद थाने जाकर पत्नी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। दो महीने तक वह अपनी पत्नी की तलाश करने का नाटक करते हुए पुलिस को भी झांसा दे रहा था। 

ऐसे हुआ मामले का खुलासा 

वहीं परिजनों ने बिहानी के पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। तब पुलिस ने हिरासत में लेकर संजीत से पूछताछ की। कड़ाई से पूछने पर संजीत ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। इसके बाद फॉरेंसिक और प्रशासनिक टीम की मौजूदगी में बिहानी के शव को खेत से बाहर निकाला गया। मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस ने आरोपी पति संजीत को गिरफ्तार कर लिया है।