Sanjay Singh News: दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली के इस्तीफे से दिल्ली कांग्रेस में घमासान मचा हुआ है। कई नेता लवली के खिलाफ तो कई समर्थन में उतरते नजर आ रहे हैं। इस बीच आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह का बयान सामने आया है। उन्होंने आम आदमी पार्टी के गठबंधन पर लवली की आपत्ति को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा है कि दिल्ली में कांग्रेस के साथ आप पार्टी का गठबंधन कराने में लवली ने अहम भूमिका निभाई थी। 

उन्होंने आगे कहा कि आम आदमी पार्टी से समझौता कराने में लवली जी ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। अब वो किस कारण से ऐसा कह रहे हैं, मैं इस बात को नहीं जानता। संजय सिंह ने यह भी कहा कि जब अरविंद केजरीवाल गिरफ्तार हुए थे तो कांग्रेस में से लवली ही वो शख्स थे जो सबसे पहले पहुंचे। लेकिन अब वो ऐसा क्यों कह रहे हैं यह पार्टी को ही पता करने दीजिए। 

लवली ने गठबंधन कराने में अहम भूमिका निभाई- संजय सिंह 

संजय सिंह ने कहा कि उन्हें मैं धन्यवाद देता हूं कि दिल्ली में इंडिया गठबंधन बनाने में उनकी बड़ी अहम भूमिका रही है। सीएम केजरीवाल की गिरफ्तारी हो रही थी तो कांग्रेस से सबसे पहली लवली ही पहुंचे थे, अब वो ऐसा किसलिए बोल रहे हैं, ये तो वहीं जानें

अध्यक्ष पद से अरविंदर सिंह ने कल दिया था इस्तीफा 

दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद से अरविंदर सिंह लवली ने रविवार सुबह अपना इस्तीफा दे दिया था। उनकी तरफ से अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को भेजा गया इस्तीफा दोपहर बाद स्वीकार कर लिया गया था। इस बात पर आधिकारिक जानकारी दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी दीपक बावरिया की ओर से दी गई थी। अरविंदर सिंह लवली के पद छोड़ने के बाद नए अध्यक्ष के बारे में विचार किया जा रहा है।