Vijay Jain Joins Congress: हरियाणा में विधानसभा का चुनाव होने में अभी चार-पांच महीने का समय है। लेकिन नेताओं के पार्टी बदलने का सिलसिला अभी से शुरु हो गया है। इस बीच पानीपत में भाजपा को बड़ा झटका लगा है। दरअसल, पार्टी के सीनियर नेता विजन जैन ने आज सोमवार को कांग्रेस का हाथ थाम लिया है। उन्होंने आज सुबह ही बीजेपी से इस्तीफा दिया था और अपने इस्तीफे की कापी जिलाध्यक्ष दुष्यंत भट्ट को भेजी है। इसके बाद जैन ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा की अगुवाई में कांग्रेस में शामिल हो गए। इस दौरान उनके साथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष उदयभान भी मौजूद रहे।

भेदभाव के लगाये आरोप 

बता दें कि विजय जैन पानीपत ग्रामीण विधानसभा से टिकट के दावेदार थे। उन्होंने विधानसभा के साथ उनके वार्ड-26 में विकास कार्यों में भेदभाव के भी आरोप लगाए हैं। विजय जैन ने अपने इस्तीफा में लिखा है कि उनके हलके और वार्ड में विकास कार्यों में अनदेखी बरती जा रही है। वह इससे आहत हैं और अपनी प्राथमिक सदस्यों समेत सभी पदों से इस्तीफा दे रहे हैं। 

2019 में बने थे पार्षद

बता दें कि विजय जैन शहरी स्थानीय निकाय के 2019 के चुनाव भाजपा के टिकट पर जीतकर वार्ड-26 से निगम पार्षद बने थे। उन्होंने अपने वार्ड में विकास कार्यों को लेकर सदन में कई बार आवाज उठाई। उन्होंने उस समय भी अनदेखी बरतने के आरोप लगाए थे। उन्होंने इसके बाद निगम के साथ पानीपत ग्रामीण विधानसभा में प्रचार प्रसार शुरू कर दिया था।

ये भी पढ़ें:- शहीद की पत्नी को नौकरी देने पर मां को आपत्ति, पत्नी बोली बेटियाें व दामादों के लिए घर छुड़वाया

लोकसभा चुनाव में भी लगा था झटका 

इससे पहले लोकसभा चुनाव में बीजेपी को झटका लगा था। पानीपत शहर से पूर्व विधायक रोहिता रेवड़ी ने भाजपा से इस्तीफा देकर कांग्रेस में शामिल हो गई थी। उन्होंने भी जिलाध्यक्ष के व्हाट्सएप पर अपना इस्तीफा भेजा था। वे पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा की अगुवाई में कांग्रेस में शामिल हुई थी। उनके साथ उनके पति सुरेंद्र रेवड़ी भी भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए थे।