Delhi Weather Update: दिल्ली में रविवार को भी दो क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। प्रादेशिक मौसम विज्ञान केंद्र दिल्ली (IMD) ने बताया कि दिल्ली के रिज एरिया में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 46.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि आया नगर में 46.2 डिग्री सेल्सियस, पालम 45.3 डिग्री सेल्सियस और लोधी रोड 45.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है।

दिल्ली में पारा 46 के पार
आईएमडी के मुताबिक, दिल्ली में औसत तापमान 44.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो इस मौसम के सामान्य तापमान से 6 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। दिल्ली में न्यूनतम तापमान भी 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 6 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। आईएमडी का अनुमान है कि दिल्ली वालों को 20 जून से राहत की बारिश देखने को मिल सकती है।

आईएमडी ने दिया ये अपडेट
वहीं, निजी मौसम अनुमान कंपनी स्काईमेट वेदर का कहना है कि दिल्ली में अभी भी तापमान सामान्य से बहुत ऊपर होने से लोगों को भीषण गर्मी और लू की मार झेलनी पड़ रही है। कंपनी ने अनुमान जताया कि बहुत जल्द दिल्ली-एनसीआर वालों को राहत की बौछारें ठंडक दे सकती हैं। कंपनी की मानें तो 18 जून से उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ आने वाला है, जिससे थोड़ी उम्मीद है।

दिल्ली में मानसून की दस्तक
इसके अलावा उत्तराखंड से उत्तर-पूर्व उत्तर प्रदेश तक बनी एक ट्रफ रेखा के कारण बारिश की स्थिति बनने के आसार हैं। अच्छी खबर यह भी है कि 18 जून की शाम से ही पंजाब के पश्चिमी हिस्सों में छिटपुट बारिश शुरू होने की संभावना है। इसके बाद 19 जून से पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी और उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बहुत भारी बारिश होगी। भारी बारिश 22 जून तक जारी रहने की उम्मीद है। इस दौरान उत्तर पश्चिमी राजस्थान में छिटपुट बारिश और धूल भरी आंधी चल सकती है।

हरियाणा का मौसम
हरियाणा में भी भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश में 8 जिलों में दिन का तापमान 46 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया। वहीं, अन्य जिलों में 43 से 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा मौसम विभाग ने पंचकूला, अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल, कैथल, फरीदाबाद, पलवल, नूंह, गुरुग्राम के लिए रेड अलर्ट और अन्य सभी जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया है।

आईएमडी के मुताबिक, 19 जून को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से प्री मानसून गतिविधियों से मौसम में बदलाव और तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी। इसके साथ ही प्रदेश में तीन-चार दिन बारिश होने की भी संभावना है।