Delhi Weather Update: राजधानी दिल्ली में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। आज यानी रविवार सुबह-सुबह कुछ मैदानी इलाकों में झमाझम बारिश हुई। जिसके बाद मौसम का मिजाज पूरी तरह से बदल गया है। मौसम विभाग ने राजधानी में आज तेज हवा के साथ बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने राजधानी में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। आईएमडी के मुताबिक, हवा की गति करीब 35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने की संभावना है। 

एक बार फिर बढ़ेगी सर्दी

बारिश के बाद दिल्ली के तापमान में एक बार फिर से गिरावट देखने को मिल सकती है। जिसके चलते दिल्ली के लोगों को एक बार फिर से सर्दी से का सामना करना पड़ सकता है। आईएमडी की मानें तो इस दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 19 और 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। हालांकि, बारिश के बाद से दिल्ली की हवा में सुधार की स्थिति बनी रहेगी। यानी लोगों को प्रदूषण से राहत अगले कुछ दिन और मिलेगी।

तेज हवा के चलते बढ़ेगी सर्दी

मौसम विभाग के मुताबिक अगले चार पांच दिनों के दौरान ज्यादातर हवा की दिशा उत्तर-पश्चिम व उत्तर पूर्व रहने की संभावना है। पहाड़ी राज्यों में हो रही बर्फ बारी हवा के माध्यम से दिल्ली के लोगों को सताएगी। आईएमडी के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में बीते दिन शनिवार को अधिकतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसम के औसत से एक डिग्री अधिक है। आईएमडी के मुताबिक शनिवार की सुबह दिल्ली में न्यूनतम तापमान 6.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, जो सामान्य से दो डिग्री कम है, साथ ही कुछ अलग-अलग हिस्सों में घना कोहरा भी छाया रहा। 

कोहरे के चलते विमान सेवाएं प्रभावित

जानकारी के मुताबिक कोहरे का असर अभी भी रेल यातायात व हवाई सेवाओं पर देखने को मिल रहा है। शनिवार को कोहरे के चलते लगभग 130 विमान सेवाएं अपने निर्धारित समय से देरी से उड़ान भरी। हालांकि, पहले की तुलना में कोहरे का असर कम देखने को मिल रहा है। लेकिन सुबह के समय घने कोहरे के चलते विजिबिलिटी काफी कम हो जाती है। जिसका असर यातायात पर पड़ता है। इससे यात्रियों को सफर करने में दिक्कत का सामना करना पड़ता है। जानकारी के मुताबिक दिल्ली हवाई अड्डे पर बीते दिन 100 के लगभग घरेलू विमान सेवाएं व 30 के लगभग अंतरराष्ट्रीय विमान सेवाएं प्रभावित हुईं थी। वहीं, दिल्ली पहुंचने वाली लगभग 40 रेल गाड़ियां अपने निर्धारित समय से देरी से पहुंची। 

ये भी पढ़ें:- दिल्ली-NCR में बदला मौसम का मिजाज, रिमझिम बारिश ने बढ़ाई सर्दी, जानें आज का मौसम

दिल्ली में वायु प्रदूषण से राहत  

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक शनिवार शाम 6 बजे दिल्ली की वायु गुणवत्ता 193 की रीडिंग के साथ 'मध्यम' श्रेणी में दर्ज की गई। जबकि, शुक्रवार को शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 178 की रीडिंग के साथ 'मध्यम' श्रेणी में था। बता दें कि शून्य और 50 के बीच एक AQI को 'अच्छा', 51 और 100 के बीच 'संतोषजनक', 101 और 200 के बीच 'मध्यम', 201 और 300 के बीच 'खराब', 301 और 400 के बीच 'बहुत खराब' और 401 और 500 के बीच 'गंभीर' माना जाता है।