DMRC को मिला सम्मान: दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन को जल संरक्षण में बेहतर कार्य करने के लिए ग्लोबल वॉटर टेक अवार्ड 2024 मिला है। इस बारे में डीएमआरसी के कॉर्पोरेट कम्युनिकेशन के प्रधान कार्यकारी निदेशक अनुज दयाल ने बताया कि दिल्ली शहर में जल संरक्षण और जल संसाधनों के कुशल उपयोग में इसके अथक प्रयासों के लिए डीएमआरसी को ग्लोबल वॉटर टेक अवार्ड 2024 प्राप्त हुआ है। यह पुरस्कार ग्लोबल एनर्जी एंड एनवायरनमेंट फाउंडेशन ने प्रदान किया है।

दोहरी पाइपलाइन प्रणाली लागू

अनुज दयाल ने बताया कि कि इस सम्मान में योगदान देने वाली प्रमुख पहलों में वर्षा जल संचयन हेतु गड्ढों का प्रावधान, सीवेज उपचार संयंत्रों की स्थापना, निर्माण कार्यों, बागवानी तथा साइटों पर धूल के शमन हेतु उपचारित जल का उपयोग शामिल है। इसके अतिरिक्त डीएमआरसी ने अपने निर्माण स्थलों पर जल-कुशल फिक्स्चर, वेटन वॉश सुविधाएं और दोहरी पाइपलाइन प्रणाली लागू की है। उन्होंने बताया कि अपनी स्थापना के बाद से डीएमआरसी ने अपने निर्माण स्थलों से निकाले गए पानी का उचित उपयोग सुनिश्चित किया है।

एक किलोमीटर लंबी पाइप लाइन बिछाई

निर्माण के पहले चरण के दौरान, दिल्ली विश्वविद्यालय के पास भूमिगत कार्य से निकाले गए पानी का उपयोग रिज क्षेत्र में सूखी सर्पाकार झील को फिर से जीवित करने के लिए किया गया था। वर्तमान में फेज-चार निर्माण से निकले पानी का उपयोग रोशनआरा बाग झील को पुनर्जीवित करने के लिए किया जा रहा है। इस कार्य के लिए डीएमआरसी द्वारा एक किलोमीटर से अधिक लंबी पाइप लाइन बिछाई गई है।

मुख्यालय को कार्बन न्यूट्रल घोषित किया

डीएमआरसी के स्टाफ क्वार्टरों, डिपो और मेट्रो भवन में बागवानी को बनाए रखने के लिए पानी की आवश्यकताओं को इन परिसरों में स्थापित विभिन्न सीवेज उपचार संयंत्रों से उपचारित पानी का उपयोग करके पूरा किया जाता है। हाल ही में, डीएमआरसी ने जलवायु परिवर्तन से निपटने में अपनी प्रतिबद्धता दिखाते हुए मेट्रो भवन में अपने मुख्यालय को कार्बन न्यूट्रल घोषित किया है। यह पुरस्कार डीएमआरसी की महत्वपूर्ण प्राकृतिक संसाधनों के सतत उपयोग और संरक्षण में अग्रणी भूमिका को उजागर करता है, जो अन्य संगठनों के लिए एक आदर्श उदाहरण प्रस्तुत करता है।

ये भी पढ़ें:- दिल्ली कोचिंग हादसे में फूटा छात्रों का गुस्सा: शैली ओबेरॉय के घर के बाहर प्रदर्शन, मेयर की तस्वीर पर पोती कालीख

ये भी पढ़ें:- दिल्ली कोचिंग हादसे में बड़ा खुलासा: इस शख्स को पहले से था इसका अंदाजा, पिछले 1 महीने में 3 बार कर चुका था शिकायत