Delhi Weather Update: देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में जनवरी माह में भीषण ठंड और कोहरे की वजह से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा है। हालांकि, शनिवार को तेज धूप खिलने की वजह से उन्हें गर्मी का अहसास होने लगा। मौसम विभाग मुताबिक, पहाड़ों पर सक्रीय वेस्टर्न डिस्टरबेंस के कारण वहां से आ रही ठंडी हवाएं रुक गई हैं। इसी के कारण तापमान में बदलाव हुआ है। रविवार सुबह हल्की धुंध देखने को मिली। आज अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है।

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार करते दिखे लोग

खराब मौसम की वजह से राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में ट्रेन का परिचालन प्रभावित हुआ है। एक वीडियो में यात्रियों को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर अपनी ट्रेनों का इंतजार करते देखा गया। दिल्ली पहुंचने वाली 55 ट्रेनें शनिवार को 1 से सात घंटे की देरी से राजधानी के अलग-अलग स्टेशनों पर पहुंची। इस बीच, इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर भी उड़ान संचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। 150 से ज्यादा फ्लाइट्स में देरी हुई है। फ्लाइट एसजी 8963 श्रीनगर के लिए, जिसे सुबह 9 बजे उड़ान भरनी थी और लैंड का समय दोपहर 1:16 बजे तय करना पड़ा। 

प्रदूषण का स्तर

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक, राष्ट्रीय राजधानी में वायु गुणवत्ता अब भी बेहद खराब बनी हुई है। सुबह 9 बजे समग्र वायु गुणवत्ता सूचकांक एक्यूआई 402 दर्ज किया गया। यह गंभीर श्रेणी में आता है। नोएडा में एक दिन पहले AQI 394 के मुकाबले 301 दर्ज किया गया, वहीं गाजियाबाद का AQI शनिवार को 375 (खराब) से सुधरकर 324 (बहुत खराब) हो गया। ग्रेटर नोएडा में भी थोड़ा सुधार देखा गया क्योंकि AQI 333 दर्ज किया गया, जो एक दिन पहले 371 था। सभी 'बहुत खराब' श्रेणी में हैं। वहीं, दिल्ली में शनिवार को दोपहर 12 बजे AQI 396 था और शाम 4 बजे तक सुधरकर 357 हो गया। 0 से 500 के पैमाने पर औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 337 था, जो एक दिन पहले 409 था।