Delhi: बाहरी जिले की साइबर टीम ने जरूरतमंदों के लिए खून की व्यवस्था करने के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले जालसाज को गिरफ्तार किया है। आरोपी का नाम 22 वर्षीय साहिल कुमार निवासी त्रिलोकपुरी बताया गया है। इसके पास से दो मोबाइल फोन जब्त हुए हैं। आरोपी एप के जरिये लोगों को झांसे में लेता था। एडवांस पैसे लेकर बाद में और डिमांड करता था। डिमांड पूरी नहीं होने पर पहले के पैसे भी वापस नहीं करता था।

पुलिस ने दी यह जानकारी
डीसीपी जिमी चिरम के अनुसार, नांगलोई क्षेत्र निवासी शख्स ने शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनकी मां मैक्स अस्पताल में भर्ती थी। उसके लिए चार यूनिट खून की जरूरत थी। इसके लिए उसने यू ब्लड एप पर रिक्वेस्ट पोस्ट की थी। साहिल कुमार नामक शख्स ने उनसे संपर्क कर प्रति यूनिट 200 रुपये की मांग की। पीड़ित ने पैसों का भुगतान कर दिया। एक घंटे बाद जब डॉक्टरों ने खून की मांग की तो पीड़ित ने साहिल से दोबारा संपर्क साधा।

इसके बाद वह हजार रुपये की और मांग करने लगा। पीड़ित ने रुपये नहीं दिए और पहले भेजे 800 वापस मांगे। इसके बाद आरोपी ने फोन बंद कर लिया था। पुलिस को पता चला कि यू ब्लड के नाम पर रजिस्टर्ड एयरटेल पेमेंट बैंक अकाउंट में पैसे ट्रांसफर किए गए थे। आरोपी ने यू ब्लड एप में अपनी मेल आईडी और मोबाइल नंबर से रजिस्ट्रर्ड कराया था। इस सुराग के मिलने के बाद पुलिस ने उसे त्रिलोकपुरी क्षेत्र से दबोच लिया।

पूछताछ में किया खुलासा
आरोपी ने पूछताछ में खुलासा किया उसने 8-9 महीने तक नोएडा के सन फार्मा लैब और क्लियांथा रिसर्च सेंटर में काम किया था। उसे पता चला कि यू ब्लड एप में पंजीकरण करके रक्तदान किया जा सकता है। इस प्रकार उसने एप पर प्रोफाइल बनाई। इसके बाद उसे रक्तदान के लिए फोन आने लगे और उसने ठगी का धंधा शुरू कर दिया।