Lok Sabha Elections 2024: इलेक्शन कमीशन में बीते दिन लोकसभा के चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। सभी राजनीतिक दल अपने उम्मीदवारों के नाम के पत्ते खोलने लगे हैं। इसके साथ ही मतदाताओं को लुभाने के लिए पूरी कोशिश में जुट गए हैं। लोकतंत्र में जनता के पास सबसे बड़ी ताकत वोट की होती है और चुनाव में हर उम्र के मतदाताओं का एक-एक वोट कीमती होता है। ऐसे में चुनाव की बात हो रही है तो मतदाताओं की बात होना लाजमी है। दरअसल, यहां पर हम बात कर रहे हैं राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की। इस बार दिल्ली में महिला वोटर्स राजनीतिक दलों के उम्मीदवारों की नैया पार लगाएंगी।

पुरुषों की तुलना महिला मतदाताओं की संख्या दोगुनी

जानकारी के मुताबिक पिछले लोकसभा चुनाव के दौरान दिल्ली की आबादी में एक करोड़ 43 लाख 27 हजार 649 मतदाता थे, जिनमें से 60.6 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया था। इस बार के लोकसभा चुनाव में दिल्ली के मतदाताओं की संख्या 2.72 प्रतिशत बढ़कर एक करोड़ 47 लाख 18 हजार 119 हो गई है। इससे दिल्ली में बीते पांच वर्षों में करीब चार लाख मतदाता बढ़े हैं। खास बात यह है कि इन मतदाताओं में पुरुषों की तुलना महिला मतदाताओं की संख्या दुगनी से ज्यादा बढ़ी है।

73.25 प्रतिशत महिला मतदाता

इन बढ़े हुए मतदाताओं में 73.25 प्रतिशत महिलाएं हैं। इस वजह से पिछले लोकसभा के मुकाबले इस बार महिला मतदाताओं की संख्या दो लाख 86 हजार से ज्यादा हो गई है। इससे यह स्पष्ट है कि जिस पार्टी ने महिला वोटर्स को अपने पाले में करने में कामयाब हो गया, दिल्ली में उस के प्रत्याशी का बेड़ा पार होना तय है। अगर दिल्ली में कुल महिला मतदाताओं की बात की जाए तो पुरुष और महिला मतदाताओं की संख्या एक करोड़ 47 लाख 18 हजार 119 मतदाताओं में 7986572 पुरुष मतदाता हैं और महिला मतदाताओं की संख्या 6730371, जबकि अन्य की संख्या 1176 हैं। वहीं, पिछले लोकसभा चुनाव यानी 2019 की बात करें तो इस दौरान दिल्ली के महिला मतदाताओं की संख्या 6444347 थी। इस प्रकार इस बार के चुनाव में 286024 महिला मतदाताओं की संख्या में इजाफा हुआ है। वहीं पुरूष मतदाताओं की संख्या में 103939 की बढ़ोतरी हुई है।

सीट के मुताबिक मतदाताओं की संख्या

दिल्ली की लोकसभा सीट के अनुसार मतदाताओं की संख्या की बात करें तो, पूर्वी दिल्ली में 2062423, नई दिल्ली में 1481338, उत्तर पश्चिमी दिल्ली में 2472910, पश्चिमी दिल्ली में 2488831, दक्षिणी दिल्ली में 2221445, चांदनी चौक में 1609730, उत्तर पूर्वी दिल्ली में 2381442 मतदाता हैं। इनमें सबसे ज्यादा 46.67 प्रतिशत महिला मतदाताओं की संख्या है, वहीं नई दिल्ली में सबसे कम महिला मतदाता हैं। जबकि पिछली बार उत्तर पश्चिमी क्षेत्र में सबसे ज्यादा महिला मतदाता थीं, और चांदनी चौक क्षेत्र में सबसे कम। हालांकि, इस बार यह परिवर्तन देखने को मिला है।

ये भी पढ़ें:- दिल्ली में लोकसभा चुनाव के लिए कब होगी वोटिंग? हो गया तारीखों का ऐलान, यहां देखें पूरा शेड्यूल

बता दें कि दिल्ली में कुल सात लोकसभा की सीट है। 2019 के आम चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने सातों सीटों पर जीत दर्ज की थी। इस बार बीजेपी का मुकाबला इंडिया गठबंधन से है। क्योंकि दिल्ली में आम आदमी पार्टी 4:3 के फार्मूले पर चुनाव लड़ रही है। आसान शब्दों में समझें तो यहां पर चार सीटों पर आम आदमी पार्टी चुनाव लड़ रही है। जबकि 3 सीटें कांग्रेस के पाले में आई है।

वहीं भारतीय जनता पार्टी सात सीटों पर चुनाव लड़ रही है। निर्वाचन आयोग ने बीते दिन 16 मार्च को तारीखों का ऐलान कर दिया है। इसके साथ ही दिल्ली समेत पूरे देश में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। देशभर में 543 लोकसभा सीटों पर  सात चरण में लोकसभा चुनाव होंगे। वहीं, दिल्ली में छठे चरण में 25 मई को एक साथ सभी सीटों पर मतदान होगा।